home page

प्रदेश में 25 हजार अराजपत्रित पदों पर भर्तियां

 | 
प्रदेश में 25 हजार अराजपत्रित पदों पर भर्तियां


जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार ने नर्सिंग कर्मियों सहित विभिन्न अराजपत्रित श्रेणियों के लगभग 25 हजार पदों पर भर्तियां की हैं। इन नियुक्तियों में उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जहां रिक्त पद अधिक थे। उन्होंने बताया कि इसका सबसे अधिक लाभ जनजातीय और मरुस्थलीय क्षेत्रों को मिला है, जहां बड़ी संख्या में खाली पद भरे गए हैं।

मंत्री ने यह भी बताया कि विभाग में लगभग 25 हजार और भर्तियां प्रक्रिया में हैं और इनमें भी दूरस्थ तथा जरूरतमंद क्षेत्रों को विशेष रूप से ध्यान में रखा जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक जयकृष्ण पटेल द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यहां कुल 117 उप स्वास्थ्य केन्द्र संचालित हैं। इसके साथ ही 14 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और 2 उप जिला चिकित्सालय भी संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इन चिकित्सा संस्थानों में अराजपत्रित वर्ग के कुल 438 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 303 पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं जबकि 135 पद रिक्त हैं। वहीं चिकित्सकों के 50 स्वीकृत पदों में से 30 पद भरे हुए हैं और 20 पद अभी खाली हैं।

मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि बागीदौरा क्षेत्र में चिकित्सा अधिकारियों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले विधायक जयकृष्ण पटेल के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने वर्ष 2021 से 2025 तक आयोजित विभागीय समीक्षा बैठकों में लिए गए निर्णयों तथा उनकी वर्तमान स्थिति का विवरण सदन के पटल पर रखा। साथ ही बागीदौरा क्षेत्र में संचालित चिकित्सा संस्थानों में राजपत्रित और अराजपत्रित पदों की स्वीकृत संख्या, कार्यरत कार्मिकों और रिक्त पदों की जानकारी भी प्रस्तुत की।

उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को आगे चलकर सीधी भर्ती अथवा पदोन्नति के माध्यम से भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, स्वीकृत और व्यय की गई राशि, अधूरे कार्यों तथा पिछले पांच वर्षों में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण भी सदन के पटल पर रखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित