home page

अजमेर: पहले चरण में निकाय चुनाव में रिकॉर्ड मतदान

 | 
अजमेर: पहले चरण में निकाय चुनाव में रिकॉर्ड मतदान


अजमेर: पहले चरण में निकाय चुनाव में रिकॉर्ड मतदान


अजमेर: पहले चरण में निकाय चुनाव में रिकॉर्ड मतदान


जिले में करीब 80 प्रतिशत से अधिक मतदान, नसीराबाद और मसूदा में 85 प्रतिशत से अधिक वोटिंग

अजमेर, 9 सितम्बर(हि.स.)। स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण में बुधवार को अजमेर और ब्यावर जिले के विभिन्न निकायों में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान कर लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाई। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं और दोपहर तक ही कई क्षेत्रों में मतदान का आंकड़ा 60 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया जो अपरान्ह 4 तक बढ़कर 70 प्रतिशत हो गया। शाम 6 बजे तक मतदान प्रतिशत 80 पार चला गया।

प्रथम चरण में सायं 6 बजे तक केकड़ी नगर पालिका वोटिंग 27818 एवं 77.64 प्रतिशत मतदान, नसीराबाद नगर पालिका वोटिंग 6097 एवं 89.22 प्रतिशत मतदान, पीसांगन नगर पालिका वोटिंग 12227 एवं 86.73 प्रतिशत मतदान, सरवाड़ नगर पालिका वोटिंग 14040 एवं 85.96 प्रतिशत मतदान,सावर नगर पालिका वोटिंग 7235 एवं 80.64 प्रतिशत मतदान,टांटोटी नगर पालिका वोटिंग 4403 एवं 75.24 प्रतिशत मतदान, कुल मतदान वोटिंग 71820 एवं 81.69 औसत मतदान प्रतिशत रहा।

अजमेर जिले के नसीराबाद, पीसांगन, केकड़ी, सरवाड़, सावर और टांटोटी में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं ब्यावर जिले के ब्यावर, मसूदा और विजयनगर में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

केकड़ी में माहौल गर्माया

केकड़ी नगर पालिका चुनाव में वार्ड 25 में दोपहर में मतदान केंद्र पर कुछ देर के लिए ईवीएम मशीन में आई खराबी से मतदान प्रभावित रहा। जिससे कुछ देर के लिए मतदाताओं की कतारे लग गई। सूचना बाद निर्वाचन दल ने मौके पर पहुंचकर ईवीएम में आई खराबी को दूर किया जिसके बाद जाकर मतदान वापस सुचारू हो सका, करीब आधे घंटे तक मतदान प्रभावित रहने से माहौल गरमा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखा। कुल मिलाकर मतदान दिवस पर मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने निकाय चुनाव को लोकतंत्र के उत्सव का रूप दे दिया।

द्वितीय चरण के लिए मतदान दलों की रवानगी आज, चुनाव प्रचार का शोर थमा, प्रत्याशी व्यवस्थाओं में जुटे

अजमेर, 9 सितम्बर(हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव- 2026 के अन्तर्गत द्वितीय चरण के लिए मतदान दलों की रवानगी सम्बन्धित रिटर्निंग अधिकारी स्तर पर गुरुवार 10 सितम्बर को की जाएगी। इधर, दूसरे चरण के चुनाव 11 सितम्बर को होने को लेकर चुनाव प्रचार का शोर थम गया। प्रत्याशियों ने व्यवस्थाओं को संभालना शुरू कर दिया है। मतदाताओं को रिझाने और मनाने के लिए घर घर, गली गली चक्कर लग रहे हैं। पार्टी स्तर पर भी कांग्रेस और भाजपा ने अपना दम झोंक रखा है। अजमेर में जहां दक्षिण में विधायक अनिता भदेल तो उत्तर में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की साख दांव पर है। कांग्रेस में इस बार पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ एवं पूर्व विधायक राजकुमार जयपाल ने चुनावी कमान संभाल रखी थी। लिहाजा निकाय चुनाव में उनके टिकिट वितरण से लेकर चुनाव रणनीति तक को तोला जा रहा है। अजमेर नगर निगम के कुल 80 वार्डों में जहां दक्षिण क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशियों के लिए भाजपा के ही बागी उम्मीदवार खतरा बने हैं तो उत्तर में कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए कांग्रेस के ही बागी परेशानी खड़ी कर रहे है। हालाकि मुकाबला कुछ सीटों को छोड़कर भाजपा व कांग्रेस में ही है। अनुमान है कि जहां दक्षिण से कांग्रेस काफी टक्कर में है तो उत्तर से भाजपा के प्रत्याशी बहुसंख्या में जीत दर्ज करेंगे।

उधर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार जिले के नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत द्वितीय चरण में 11 सितम्बर को अजमेर नगर निगम के 80, किशनगढ़ नगर परिषद के 60 तथा पुष्कर नगर परिषद 25 वार्डों में मतदान होगा। द्वितीय चरण मतदान के दलों का अन्तिम प्रशिक्षण, ईवीएम एवं सामग्री वितरण तथा मतदान दलों की रवानगी का कार्य प्रभारी अधिकारी मतदान दल गठन एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री व कानून व्यवस्था प्रकोष्ठ एवं संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 10 सितम्बर को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मतगणना दलों का प्रशिक्षण कार्य प्रभारी अधिकारी मतगणना दल गठन एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ द्वारा 12 सितम्बर को किया जाएगा। मतगणना कार्य सम्पादित किए जाने का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 14 सितम्बर को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अध्यक्षीय पदों के लिए नगर निकाय निर्वाचन के लिए निर्वाचित सदस्यों को बैठक का नोटिस उपलब्ध कराते हुए प्राप्ति रसीद प्राप्त करना (लोक सूचना) का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 15 सितम्बर को किया जाएगा। नामांकन पत्रों को प्रस्तुत करने की अन्तिम तिथि 16 सितम्बर रहेगी। नामांकन पत्रों के संवीक्षा की तिथि का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 17 सितम्बर को किया जाएगा। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितम्बर अपरान्ह 3 बजे तक रहेगी। चुनाव चिन्हों के आवंटन का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 18 सितम्बर को किया जाएगा। मतदान 21 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन का कार्य 22 सितम्बर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा किया जाएगा। बैठक का प्रारम्भ प्रातः 10 बजे से होगा। नामांकन पत्रों का प्रस्तुतिकरण प्रातः 11 बजे तक किया जा सकता है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतदान यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 से सायं 5 बजे तक होगा। मतगणना का कार्य मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष