home page

डिस्टर्ब एरिया बिल से अल्पसंख्यकों को मिलेगा संरक्षण : राठौड़

 | 
डिस्टर्ब एरिया बिल से अल्पसंख्यकों को मिलेगा संरक्षण : राठौड़


भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने निकाय-चुनावों को लेकर कहा- कोर्ट के आदेशों की करवाएंगे पालना

जोधपुर, 07 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने विधानसभा में लाए गए डिस्टर्ब एरिया बिल को लेकर कहा कि इस बिल की बहुत जरूरत थी। इससे अल्पसंख्यकों को संरक्षण मिलेगा। यह बात उन्होंने यहां जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि जहां सामाजिक संतुलन नहीं है और ऐसे क्षेत्र जहां हमारे लोग कम संख्या में है। वहां कई लोगों के मन में रहता है कि इनसे खाली करवाना है। वो हमारे लोगों के परिवार को तंग करना, बच्चियों को छेडऩा आदि हरकतें करते हैं। ऐसे में तंग आकर व्यक्ति कम दाम में मकान बेचकर जाते हैं। ऐसी स्थिति नहीं बने इसलिए यह बिल लाया गया है। इससे उन्हें कोई प्रताडि़त नहीं करेगा। हम वहां सुरक्षा करेंगे, पुलिस चौकियां लगाएंगे। ताकि वहां ऐसी किसी भी प्रकार की प्रताडऩा की स्थिति नहीं बने।

डिस्टर्ब एरिया बिल के विरोध में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और डोटासरा को लेकर कहा कि ये बिल केवल उन लोगों को संरक्षण देने का काम है, जो लोग वहां पर अल्पसंख्यक हो गए हैं। अल्पसंख्यक को प्रताडि़त करना ठीक नहीं है। इसलिए वहां पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करेंगे। इसलिए उन्हें विरोध नहीं करना चाहिए।

निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कोर्ट के आदेशों की पालना करेगी। कोर्ट जब कहेगा, हम चुनाव करवाने के लिए तैयार हैं। हम तो कोर्ट के आदेशों की पालना कराएंगे। निर्वाचन आयोग कल चुनाव करवाने का बोलता है। तो हम तैयार हैं। विपक्ष के आरोपों पर कहा कि एसआईआर लोकसभा ओर विधानसभा चुनावों के लिए हुआ है।

पंचायत और निकायों के चुनावों में एसआईआर नहीं हुआ है। विधानसभा में विपक्ष के विरोध पर कहा कि लोकसभा हो या विधानसभा उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। वह केवल हंगामा कर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। विधानसभा में अमर्यादित भाषा के प्रयोग को लेकर कहा कि ये ठीक नहीं है। नीतिगत विरोध होना चाहिए, लेकिन शब्दों में कटुता ठीक नहीं है। लेकिन विपक्ष में इन दिनों यहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा के विधानसभा में मर्यादा नहीं रखने पर उनके नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को भी माफी मांगनी पड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश