17वां अंतरराष्ट्रीय रंग मल्हार कार्यक्रम रविवार काे
जोधपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। ईस्टर्न फाउंडेशन ऑफ आर्ट एंड कल्चर (ईएफ़एसी) द्वारा वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति के सहयोग से 17वां अंतरराष्ट्रीय रंग मल्हार कार्यक्रम का आयोजन 12 जुलाई को सुबह आठ से दोपहर बारह बजे तक वीर दुर्गादास राठौड़ स्मारक स्थल मसूरिया पहाड़ी पर किया जाएगा। यह कार्यक्रम मारवाड़ में अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के उद्देश्य से किया जा रहा है।
वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति के अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रसिंह तंवर ने बताया कि ईस्टर्न फाउंडेशन ऑफ आर्ट एंड कल्चर (ईएफ़एसी) द्वारा प्रतिवर्ष रंग मल्हार के तहत कलाकारों को चित्रांकन के लिए एक नया ऑब्जेक्ट दिया जाता है। इस बार सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक संदूक’ को थीम बनाया गया है, जिस पर कलाकार अपनी रचनात्मक कला उकेरेंगे।
समिति के सचिव भागीरथ वैष्णव ने बताया की कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जोधपुर डिविजनल कमिश्नर के.एल स्वामी होंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश राकेश रामावत, एडवोकेट अशोक पटेल व समाज सेवी अमित भंडारी विशिष्ठ अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जाने माने शिक्षाविद प्रोफेसर आरएल माथुर करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

