रंग दे गुलाबी अभियान: 500 दीवाराें पर लिखे स्व्च्छता सर्वेक्षण स्लाेगन और बनाए चित्र
जयपुर, 02 मई (हि.स.)। नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शनिवार काे रंग दे गुलाबी अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत एक ही दिन में शहर की 500 से अधिक दीवारों पर सुंदर पेंटिंग बनाई गई। इनके जरिए आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस अभियान में प्रशासन और आम जनता मिलकर भागीदारी निभा रहे हैं।
अभियान की शुरुआत नगर निगम के मालवीय नगर जोन से हुई। यहां जिला कलेक्टर संदेश नायक और नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बच्चों के साथ पेंटिंग बनाकर उन्हें प्रोत्साहित किया। इसके बाद दोनों अधिकारी गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा पहुंचे। यहां ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते नजर आए।
इस दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय ने सरकार और नगर निगम का आभार जताकर कहा कि उन्हें पहली बार इस तरह मुख्यधारा से जोड़कर शहर को सुंदर बनाने का अवसर मिला है। अब तक उन्हें समाज में अलग नजर से देखा जाता था, लेकिन इस पहल ने उन्हें सम्मान और जिम्मेदारी का अहसास कराया है। शहर को सुंदर बनाने में योगदान देकर वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
कलेक्टर संदेश नायक ने कहा कि यह अभियान स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। दीवारों पर बनाई जा रही पेंटिंग्स न केवल शहरवासियों को प्रेरित करेंगी, बल्कि जयपुर आने वाले पर्यटकों तक भी स्वच्छ और हरित शहर का संदेश पहुंचाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

