जयपुर में 11 अक्टूबर से सजेगी रामलीला की रंगत: 14 को निकलेगी श्रीराम बारात
जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र और दशहरा उत्सव के तहत गुलाबी नगरी जयपुर में 11 से 20 अक्टूबर तक भव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति जयपुर के तत्वावधान में न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में रामायण के प्रमुख प्रसंगों का ऐतिहासिक और पौराणिक स्वरूप में मंचन होगा। प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक होने वाले आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
जयपुर सांसद एवं समिति की संरक्षक मंजू शर्मा ने बताया कि जयपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत में रामलीला का विशेष स्थान रहा है। इस वर्ष आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी भी भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ सके। रामलीला मंचन के लिए मथुरा से प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।
समिति अध्यक्ष नवनीत मित्तल के अनुसार 11 अक्टूबर को गणेश पूजन और नारद मोह लीला के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। इसके बाद राम जन्म, विश्वामित्र आगमन, अहिल्या उद्धार, ताड़का वध, धनुष यज्ञ, श्रीराम विवाह, वनवास, सीता हरण, शबरी मिलन, हनुमान मिलन, बाली वध, लंका दहन और रामेश्वर स्थापना सहित रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 14 अक्टूबर को निकलने वाली श्रीराम बारात होगी। शाम 6 बजे चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन श्रीरामचंद्र जी मंदिर से बारात रवाना होगी। यह छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार और बापू बाजार होते हुए न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान पहुंचेगी। मार्ग में शहरवासी बारात का स्वागत करेंगे। मैदान में पहुंचने के बाद श्रीराम विवाह और कन्यादान प्रसंग का मंचन होगा।
समिति के मार्गदर्शक प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इससे पहले मेघनाथ वध और अहिरावण वध की लीला होगी। इसके बाद रावण वध और श्रीराम राज्याभिषेक का मंचन किया जाएगा। रावण दहन के साथ दस दिवसीय रामलीला महोत्सव का समापन होगा।
रामलीला महोत्सव में स्वचालित झांकियां, चित्रकला प्रदर्शनी, मेहंदी कार्यक्रम, रामायण पात्र वेशभूषा प्रतियोगिता और नवदुर्गा झांकी भी सजाई जाएगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे तथा विभिन्न व्यंजनों की स्टॉल भी रहेंगी।
समिति के स्वागत अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बताया कि महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से जयपुर के विभिन्न मंदिरों तथा सामाजिक संगठनों में पोस्टर विमोचन कर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजन में प्रतिदिन संत-समाज और शहर के विशिष्ट नागरिक शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

