home page

रामलीला महोत्सव: चांदपोल से न्यू गेट तक निकलेगी श्रीराम बारात

 | 
रामलीला महोत्सव: चांदपोल से न्यू गेट तक निकलेगी श्रीराम बारात


जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति की ओर से न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला महोत्सव के तहत बुधवार, 14 अक्टूबर को श्री राम बारात निकाली जाएगी। यह बारात शाम 6 बजे चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन श्री रामचंद्र जी मंदिर से रवाना होगी।

समिति अध्यक्ष नवनीत मित्तल ने बताया कि श्रीराम बारात महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगी। बारात छोटी चौपड़, त्रिपोलिया, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार और बापू बाजार होते हुए न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान पहुंचेगी। इस दौरान मार्ग में शहरवासी जगह-जगह बारात का स्वागत करेंगे। रामलीला मैदान पहुंचने पर श्री राम विवाह और कन्यादान की लीला का मंचन किया जाएगा।

वहीं 20 अक्टूबर तक चलने वाले महोत्सव में रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन भी किया जाएगा। इनमें वनवास, सीता हरण, शबरी मिलन, हनुमान मिलन, बाली वध, लंका दहन और रामेश्वर स्थापना शामिल हैं। इसके बाद विजयादशमी पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इससे पहले मेघनाथ वध और अहिरावण वध की लीला होगी। इसके बाद रावण वध तथा श्री राम राज्याभिषेक का मंचन किया जाएगा। रावण दहन के साथ दस दिवसीय रामलीला महोत्सव का समापन होगा।

इस आयोजन के दौरान स्वचालित झांकियां, चित्रकला प्रदर्शनी, मेहंदी कार्यक्रम, रामायण पात्र वेशभूषा प्रतियोगिता और नवदुर्गा झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे तथा विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश