home page

लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार रामदेवरा स्टेशन

 | 
लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार रामदेवरा स्टेशन


जोधपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। आगामी बाबा रामदेव मेले को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रामदेवरा रेलवे स्टेशन पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, सौंदर्यकरण, स्वच्छता और सुरक्षा संबंधी कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन परिसर की मरम्मत, रंगाई-पुताई तथा व्यापक साफ-सफाई का कार्य पूरा हो चुका है। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर कोटा स्टोन फ्लोरिंग बिछाई गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बेंच लगाए गए हैं तथा शौचालयों का उन्नयन किया गया है। स्टेशन की प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लाइट, पंखे, वायरिंग एवं केसिंग का कार्य भी पूर्ण किया गया है। पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वाटर बूथ एवं वाटर कूलरों की मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार उनका प्रतिस्थापन किया गया है। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर प्रतीक्षालय, सार्वजनिक क्षेत्र, स्टेशन के बाहरी परिसर तथा पार्किंग क्षेत्र की विशेष सफाई कर उन्हें सुव्यवस्थित किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर स्पष्ट रूप से अलग चिन्हित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्बाध बनी रहे।

त्रिपाठी ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, यात्री मार्गदर्शन और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विभिन्न दिशाओं के लिए विशेष मेला ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश