रामनवमी पूर्व संध्या पर जयपुर के चांदपोल स्थित मंदिर में सजेगा प्रभु श्रीराम का राजसी दरबार
जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। रामनवमी की पूर्व संध्या पर बुधवार को चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन ठिकाना मंदिर श्री रामचन्द्र जी में प्रभु श्रीराम का भव्य राजसी दरबार सजाया जाएगा। इस अवसर पर अलौकिक महा-श्रृंगार के साथ भक्तिभाव से विशाल बधाई उत्सव का आयोजन किया जाएगा।मंदिर में प्रभु श्रीराम का विशेष राजसी महा-श्रृंगार स्वर्ण एवं रजत आभूषणों से किया जाएगा। स्वर्ण मुकुट, कंठहार, कुण्डल और अन्य आभूषणों से सुसज्जित विग्रह के साथ रजत निर्मित सिंहासन, छत्र और चरण पादुका से दरबार को सजाया जाएगा। पूरा मंदिर परिसर फूलों, बंदनवार, रंगोली और विशेष रोशनी से अलंकृत किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत भजन-कीर्तन, संकीर्तन और मंगलगान का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की बधाइयाँ गाएंगे। आयोजन प्रेम भाया मंडल के सानिध्य में संपन्न होगा।महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि रामनवमी के दिन मंदिर में दिनभर विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। शाम की महाआरती में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के शामिल होने का कार्यक्रम है।
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

