home page

राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को बनाया उम्मीदवार

 | 
राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को बनाया उम्मीदवार


जयपुर, 04 जून (हि.स.)। राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया और पूर्व मंत्री अलका गुर्जर को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है।

राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के आधार पर भाजपा दो सीटों पर जीत की स्थिति में है, जबकि तीसरी सीट पर मुकाबला रोचक रहने की संभावना है। ऐसे में भाजपा ने अपने दोनों संभावित विजयी उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी है।

भाजपा द्वारा अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाए जाने को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने इस निर्णय के जरिए पूर्वी राजस्थान के प्रभावशाली गुर्जर समुदाय को साधने का प्रयास किया है। प्रदेश की राजनीति में गुर्जर समाज को महत्वपूर्ण वोट बैंक माना जाता है, जो लंबे समय से कांग्रेस नेता सचिन पायलट के प्रभाव के कारण कांग्रेस के साथ जुड़ा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अलका गुर्जर को राज्यसभा प्रत्याशी बनाकर भाजपा ने इस सामाजिक समीकरण में अपनी पैठ मजबूत करने की रणनीति अपनाई है। अलका गुर्जर लंबे समय से संगठन में सक्रिय रही हैं तथा विधायक और मंत्री के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुकी हैं।

वहीं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया को उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी ने संगठन और राजनीतिक अनुभव को भी महत्व दिया है। पूनिया प्रदेश भाजपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं और लंबे समय से संगठनात्मक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, भाजपा सांसद राजेंद्र गहलोत और कांग्रेस सांसद नीरज डांगी का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते ये तीनों सीटें रिक्त हो रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश