home page

राजस्थानी भाषा फीस विवाद थमा: विधायक व सिंडिकेट सदस्य गोपाल शर्मा ने सरकार तक मुद्दा पहुंचाने का दिया आश्वासन

 | 
राजस्थानी भाषा फीस विवाद थमा: विधायक व सिंडिकेट सदस्य गोपाल शर्मा ने सरकार तक मुद्दा पहुंचाने का दिया आश्वासन


जयपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान यूनिवर्सिटी में राजस्थानी भाषा में मास्टर डिग्री की अधिक फीस को लेकर चल रहा छात्रों का विरोध शनिवार को समाप्त हो गया। पिछले 6 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर सिविल लाइंस विधायक व सिंडिकेट सदस्य गोपाल शर्मा मौके पर पहुंचे और नारियल पानी पिलाकर हड़ताल समाप्त करवाई।

छात्रों का आरोप है कि राजस्थानी भाषा में पढ़ाई के लिए सालाना 50-55 हजार रुपए फीस ली जा रही है, जबकि फ्रेंच, इटैलियन व स्पेनिश जैसी विदेशी भाषाओं के कोर्स की फीस 10-14 हजार रुपए ही है। इस असमानता के विरोध में 30 मार्च से छात्र पूजा और लोकेंद्र कुलपति सचिवालय के बाहर धरने व भूख हड़ताल पर बैठे थे।

तबीयत बिगड़ने पर दोनों छात्रों को सवाई मानसिंह अस्पताल भेजा गया। विधायक गोपाल शर्मा ने मांगों को जायज बताते हुए सरकार व राज्यपाल तक मामला उठाने और प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का आश्वासन दिया।

आंदोलन से जुड़े डॉ. सज्जन कुमार सैनी ने बताया कि 55 वर्षों से संचालित राजस्थान अध्ययन केंद्र को विभाग बनाने और फीस में कमी की मांग की जा रही है। एसएफएस कोर्स के चलते इस वर्ष राजस्थानी विषय में ‘जीरो सेशन’ घोषित करना पड़ा है।

छात्रों ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द निर्णय लेकर फीस में राहत और राजस्थानी भाषा का स्वतंत्र विभाग स्थापित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश