home page

राजस्थान ने जीता 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक

 | 
राजस्थान ने जीता 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक


बीकानेर, 05 नवंबर (हि.स.)। बिहार की राजधानी पटना में 1 से 4 नवम्बर 2026 तक आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में राजस्थान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में हरियाणा को 50-44 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया तथा राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार व्यास ने बताया कि इस ऐतिहासिक जीत में बीकानेर के प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी प्रेमसुख का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रेमसुख ने प्रतियोगिता के दौरान सभी मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण अंक अर्जित किए और राजस्थान को चैंपियन बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।

राजस्थान की टीम ने प्रतियोगिता में शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चार मुकाबलों में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार व्यास ने कहा कि बीकानेर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद राजस्थान टीम की यह राष्ट्रीय उपलब्धि जिले के खेल जगत के लिए भी गर्व का विषय है। प्रेमसुख की सफलता से बीकानेर के उभरते कबड्डी खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी तथा जिले में कबड्डी खेल को नई पहचान मिलेगी।

जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि राजस्थान राज्य ओलंपिक संघ के अध्यक्ष तेजस्वी सिंह गहलोत द्वारा प्रदेश में खेलों एवं विशेष रूप से कबड्डी को प्रोत्साहित करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ल्ड कबड्डी संघ के स्तर पर भी इस खेल को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों एवं खेल संगठनों के सहयोग से राजस्थान में कबड्डी का स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है। बीकानेर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन और उसके बाद राजस्थान टीम की राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम सफलता इसका सुखद परिणाम है।

इस शानदार उपलब्धि पर जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़, सचिव जितेन्द्र सिंह राठौड़ (खाजूवाला), दानवीर सिंह भाटी, पूर्व सरपंच राजपाल कुल्हरी, कोषाध्यक्ष दिलकान्त सिंह माचरा, मकबूल हुसैन सोढ़ा, ऋषि मोहन जोशी, सुरेश कुमार व्यास, भैरुरतन ओझा, रेखाराम भाम्भू, सीताराम सियाग, भगीरथ गोदारा, शीशपाल सिंह शेखावत एवं पुरन सिंह राठौड़ सहित संघ के समस्त पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने प्रेमसुख को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव