home page

विद्युत उत्पादन में सिरमौर बनेगा राजस्थान -हीरालाल नागर

 | 
विद्युत उत्पादन में सिरमौर बनेगा राजस्थान -हीरालाल नागर


झुंझुनू, 17 मार्च (हि.स.)। झुंझुनू जिले की गोठड़ा पंचायत समिति के गोल्याणा गांव में नवनिर्मित अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अनावरण पट्टिका का विधिवत रूप से लोकार्पण करके किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल ने की। विधायक जाखल की ओर से ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राजस्थान प्रदेश ऊर्जा उत्पादन को लेकर सिरमौर बनेगा। राजस्थान में बिजली बनाने और किसानों तक बिजली सप्लाई पहुंचाने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि राजस्थान के किसान भाइयों के लिए दिन में बिजली देने का काम भाजपा सरकार ने शुरू कर दिया है और दिन में दो ब्लाकों के माध्यम से राजस्थान के किसान भाइयों को दिन में बिजली सप्लाई दी जा रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछली सरकार ने भी किसानों को दिन में बिजली दिए जाने का किसानों से वादा किया था। मगर वह कांग्रेस सरकार किसानों से किया गया वायदा निभाने में असफल रही। कांग्रेस सरकार ने विद्युत महकमे में राजस्थान में सिर्फ कर्ज बढ़ाने का काम किया है न कि किसानों को राहत पहुंचाने का।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि राजस्थान में कई ऐसे प्लांट लगाए जा चुके हैं। जिनके माध्यम से किसान भाइयों को उन्हीं के खेतों से सोलर सिस्टम से बिजली मिलेगी। भाजपा सरकार द्वारा 4000 मेगावाट के प्लांट को चालू करके किसान भाइयों को बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है। सरकार की ओर से 53 नए जीएसएस बनाकर चालू कर दिए गए हैं। वहीं 150 प्रसारण तंत्र के जीएसएस बनाकर शुरू कर दिए गए हैं। यह सब कार्य बीजेपी सरकार द्वारा मात्र दो वर्ष के कार्यकाल में किया गया है। अभी आगामी समय में इस महकमे में और भी विकास कार्य सरकार द्वारा किए जाएंगे।

ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि राजस्थान प्रदेश की जनता को बिजली सप्लाई को लेकर किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम सिंह जाखल ने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र की जनता को बिजली, पानी, चिकित्सा सहित विभिन्न तरह की मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दूंगा। विधायक विक्रम सिंह जाखल ने कहा कि किसानों को बिजली सप्लाई को लेकर अब कोई परेशानी नहीं होगी। मेरे विधानसभा क्षेत्र में कोने कोने तक रहने वाले आम आदमी तक भी विकास के कार्य होंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संगठनों द्वारा ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का गुलदस्ता भेंटकर एवं विभिन्न तरह की प्रतिमाएं भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व झुंझुनू जिलाध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, विद्युत निगम के एमडी केपी वर्मा, विद्युत निगम के एसई एमके टीबड़ा बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश