home page

नए पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, 11 से 14 जून तक 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 | 
नए पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, 11 से 14 जून तक 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट


जयपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने 11 से 14 जून के दौरान राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी प्रदेश में गर्मी का असर बना रहा। राज्य के 19 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। श्रीगंगानगर 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि संगरिया में न्यूनतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे गर्म रात रही।

श्रीगंगानगर के अलावा जयपुर, चूरू, फलौदी, जैसलमेर, वनस्थली, अलवर, सीकर, कोटा, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, संगरिया, फतेहपुर, करौली, दौसा, झुंझुनूं और पाली में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। तापमान में कुछ स्थानों पर मामूली गिरावट के बावजूद गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 जून से राज्य में पुनः आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। विशेष रूप से उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान का अधिकांश भाग शुष्क रहा। पश्चिमी क्षेत्र के कुछ स्थानों पर उष्ण लहर (हीटवेव) और गर्म रात की स्थिति भी दर्ज की गई।

राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर बना रहा। शहर का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में 0.3 डिग्री की वृद्धि हुई, जबकि रात के तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिनभर हल्के और छितराए बादल छाए रहने के बावजूद गर्मी का प्रभाव कम नहीं हुआ। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर आवाजाही भी कम रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में जयपुर सहित कई जिलों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश