राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर, जयपुर में तेज हवा के साथ बारिश
जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार को जयपुर समेत राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम बदला। जयपुर में दोपहर बाद अचानक काले घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। इस दौरान शहर में करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश से कई सड़कों पर पानी भर गया और वाहन चालकों को परेशानी हुई।
जयपुर में सुबह से हल्के बादल छाए थे, लेकिन दोपहर बाद मौसम तेजी से बदला। आसमान में घने बादल छाने से दिन में ही अंधेरा जैसा हो गया। तेज हवा और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलानी पड़ी। शहर में हवा की गति करीब 46 किलोमीटर प्रति घंटा रही। पुरानी चुंगी और चौमूं में चने के आकार के ओले भी गिरे।
जयपुर के फागी में 36, जयपुर शहर में 25 और सांगानेर में 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर के अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट आई। जयपुर में अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर के अलावा दौसा, चूरू, डीडवाना, हनुमानगढ़, करौली, सवाईमाधोपुर, सीकर, श्रीगंगानगर और टोंक सहित कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 47 मिलीमीटर बारिश सीकर के लोसल में दर्ज की गई।
श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर बवंडर आया। इस दौरान कुछ समय के लिए दिन में अंधेरा छा गया। सुबह श्रीकरणपुर में आंधी के साथ बारिश हुई। नागौर जिले के खींवसर, मेड़ता और मूंडवा क्षेत्र में अंधड़ और बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। खेतों में पानी भरने से बाजरे की खड़ी फसल गिर गई, जबकि कटाई के बाद खेतों में पड़ी बाजरा, ग्वार और कपास की फसल भीग गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के ऊपर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। रविवार को बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सर्वाधिक 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और हल्की से मध्यम बारिश हुई। 29 सितंबर से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
सोमवार को फलौदी राज्य में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

