राजस्थान में 10 से 12 अक्टूबर के बीच बारिश के आसार, पिलानी में पारा 40 डिग्री पार
जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 10 से 12 अक्टूबर के दौरान बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ मेघगर्जन और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आगामी तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मंगलवार को पिलानी को छोड़कर प्रदेश के किसी भी शहर में दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर नहीं गया। पिलानी में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू और श्रीगंगानगर में 39.7, बीकानेर में 39.4 और फलौदी में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। श्रीगंगानगर में 26.3 डिग्री के साथ रात सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात प्रदेश के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। माउंट आबू में 15.9 डिग्री सेल्सियस के साथ रात सबसे सर्द रही। राजधानी जयपुर में दिन के तापमान में मामूली गिरावट, जबकि रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 36.6 और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 से 12 अक्टूबर के दौरान बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर के बाद प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

