home page

झमाझम बारिश से छलकने लगी राजस्थान में खुशियां

 | 
झमाझम बारिश से छलकने लगी राजस्थान में खुशियां


जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में लगातार बारिश के बाद अब कई बांध छलकने लगे है। बीसलपुर बांध में भी पानी की अच्छी आवक हाे रही है। बुधवार काे जयपुर सहित डेढ़ दर्जन शहराें में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। आगामी समय में पश्चिम राजस्थान में बारिश की गतिविधियाें में कमी आएगी ताे वहीं पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश का दाैर चलता रहेगा।

माैसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बुधवार को जयपुर, चित्तौड़गढ़, सलूंबर, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सवाईमाधोपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। सलूबंर के सेमारी में 5 घंटे में 5 इंच और उदयपुर के झाड़ोल में 5 घंटे में सवा चार इंच बारिश हुई। लगातार बरसात के कारण चित्तौड़गढ़ का देवलिया बांध छलक गया है।

वहीं, रावतभाटा के खोखी बांध की दीवार टूटने से 300 बीघा फसल खराब हो गई है। सलूंबर में कलेक्टर आवास के बाहर पानी भर गया। बांसवाड़ा में सड़क पर नदी की तरह पानी बहने लगा। सवाईमाधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में दुकानों में पानी घुस गया।

कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की टनल के एक हिस्से में 1 फीट तक पानी भरने से इसको बुधवार दोपहर 1 बजे बंद कर दिया। इसके बाद मुंबई की तरफ से टनल की और आने वाले ट्रैफिक को कोटा-झालावाड़ नेशनल हाइवे -52 पर डायवर्ट किया है। इसके बाद दरा की नाल पर दोनों ओर 4-4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

माैसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बुधवार काे भी कम दबाव का क्षेत्र मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों के ऊपर बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन आज बीकानेर व कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है।

इसके असर से पिछले 24 घंटों में चित्तौड़गढ़ जिले में अत्यंत भारी बारिश बारां, उदयपुर जिलों में अतिभारी बारिश तथा सवाई माधोपुर राजसमंद प्रतापगढ़ नागौर करौली झालावाड़ भीलवाड़ा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। मंगलवार काे सर्वाधिक बारिश बस्सी, चित्तौड़गढ़ में 227 मिमी दर्ज की गई।

बुधवार काे कोटा, उदयपुर, अजमेर व जयपुर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश हुई। भरतपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी मध्यम से तेज बारिश देखने काे मिली। 13 अगस्त को भी जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, व जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के अधिकांश भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी देखने काे मिलेगी । हालांकि, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों को छोड़कर अधिकांश भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की प्रबल संभावना है।

जयपुर में सुबह से तेज धूप के बाद दोपहर को मौसम में बदलाव हुआ। शहर में बुधवार को दोपहर बाद काले घने छाए बादल जमकर बदसे। इससे सड़कें लबालब हो गईं। वहीं कई जगह जाम भी लग गया। जेएलएन मार्ग पर पानी भरने से जहां गाड़ियां रेंग-रेंग कर चलती रहीं। वहीं परकोटा क्षेत्र में कई दोपहिया वाहन बंद हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश