दीपावली से पहले ही 37 डिग्री के पार पहुंचा दिन का पारा, रात में बढ़ा सर्दी का अहसास
जयपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में मौसम साफ होने के साथ ही दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से दिन में हल्की गर्मी बनी हुई है, जबकि रात में सर्दी का अहसास होने लगा है। दीपावली से पहले ही बाड़मेर में दिन का तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फलौदी में 21.6 डिग्री सेल्सियस के साथ रात सबसे गर्म रही।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के साथ शेखावाटी के कुछ शहरों में भी दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। प्रदेश के छह शहरों में दिन का पारा 35 डिग्री के पार दर्ज किया गया, जबकि सात शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा। माउंट आबू में 11.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। इसके अलावा सीकर, फतेहपुर, सिरोही, नागौर, डबोक और भीलवाड़ा में भी रात का तापमान 15 डिग्री से कम रहा।
विभाग ने दीपावली तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। 18 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। दिन में गर्मी और रात में हल्की सर्दी का दौर बना रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नवंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

