home page

आंधी से कपासन में 71 फीट का रावण पुतला गिरा, राजसमंद में ओले गिरे

 | 
आंधी से कपासन में 71 फीट का रावण पुतला गिरा, राजसमंद में ओले गिरे


जयपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को चार शहरों में बारिश हुई। राजसमंद जिले के आमेट में बारिश के साथ ओले भी गिरे। चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में तेज आंधी से 71 फीट ऊंचा रावण का पुतला गिर गया, जबकि कुंभकर्ण और मेघनाद के 51-51 फीट ऊंचे पुतले झुक गए। इसके बाद हुई बारिश से पुतले भीग गए। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है।

आंधी और बारिश के बाद प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अरब सागर से आ रही हवाओं के साथ नमी मिलने के कारण प्रदेश में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की गतिविधियां हो रही हैं।

चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तेज आंधी से पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में खड़ा 71 फीट ऊंचा रावण का पुतला गिर गया। कुंभकर्ण और मेघनाद के 51-51 फीट ऊंचे पुतले भी झुक गए। करीब 20 मिनट बाद बारिश शुरू हुई, जो लगभग 20 मिनट तक चली। बारिश से पुतले भीग गए। बारिश रुकने के बाद क्रेन की मदद से रावण के पुतले को दोबारा खड़ा करने का प्रयास किया गया। नगर पालिका की ओर से यहां रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है।

राजसमंद जिले के आमेट में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बारिश के साथ ओले गिरे। करीब 20 मिनट तक हुई बारिश से खेतों में काटकर रखी मक्के की फसल भीग गई। उदयपुर में भी दोपहर के समय करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। इससे पहले सोमवार को लगातार तीसरे दिन प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सवाई माधोपुर में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों में पानी की आवक बढ़ गई। बारिश के चलते प्रदेश में तापमान में गिरावट आई है और दिन-रात के मौसम में ठंडक बढ़ी है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अरब सागर से लगातार आ रही हवाओं और उनसे मिलने वाली नमी के कारण प्रदेश में मौसम संबंधी गतिविधियां जारी हैं। 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर संभाग और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश