जयपुर में बेर के आकार के ओले गिरे, सात शहरों में बारिश
जयपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को जयपुर सहित सात शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर के कई इलाकों में बेर के आकार के ओले गिरे। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। वहीं, बारां में अचानक हुई बारिश ने खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
जयपुर में सुबह से हल्के और छितराए बादल छाए रहे। दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और गर्जना के साथ करीब आधे घंटे तक शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। सी-स्कीम, जवाहर नगर और राजापार्क सहित कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। तेज बारिश से स्टेच्यू सर्किल और सरदार पटेल मार्ग पर पानी भर गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारां में रविवार दोपहर करीब तीन बजे मौसम अचानक बदल गया। जिले के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई। खेतों में कटी हुई फसलें खुले में पड़ी हैं। वहीं, सोयाबीन, धान और मक्का की फसलें पककर खेतों में खड़ी हैं। ऐसे में बारिश से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बीच रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राज्य के 12 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। माउंट आबू में रात सबसे ठंडी रही। इसके अलावा वनस्थली, अलवर, पिलानी, सीकर, पाली, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, सिरोही, फतेहपुर, लूणकरणसर और झुंझुनूं में भी न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रविवार को जयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हुई। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अगले पांच से छह दिन मौसम शुष्क रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में 23-24 अक्टूबर को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

