home page

राजस्थान में 15 शहरों में बारिश, रायपुर में तीन इंच

 | 
राजस्थान में 15 शहरों में बारिश, रायपुर में तीन इंच


जयपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में सोमवार को जयपुर सहित 15 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। झालावाड़ के रायपुर में सबसे अधिक तीन इंच बारिश हुई। उदयपुर के कोटड़ा में 67 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। श्रीगंगानगर को छोड़कर प्रदेश के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 40.1 और न्यूनतम 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.7 और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को अजमेर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, पाली, जोधपुर, सिरोही, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, जालौर, झालावाड़ और राजसमंद सहित कई अन्य शहरों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उदयपुर संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के शेष हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग के जिलों में 15 और 16 सितंबर को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, बीकानेर संभाग में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश