जयपुर-अलवर में सुबह बारिश से मिली मामूली राहत, दो जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट
जयपुर, 29 जून (हि.स.)। राजस्थान के जयपुर और अलवर सहित कई क्षेत्रों में सोमवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से मामूली राहत मिली। वहीं उदयपुर संभाग के विभिन्न जिलों में पिछले दो-तीन दिनों से जारी आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए राज्य के 25 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी करते हुए 2 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात, मध्यप्रदेश, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों से होकर गुजर रही है। आगामी तीन से चार दिनों में गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रतापगढ़ जिले के अरनोद में 45 मिमी, छोटी सादड़ी और सुहागपुरा में 20-20 मिमी, प्रतापगढ़ शहर में 15 मिमी वर्षा दर्ज की गई। उदयपुर जिले के कोटड़ा में 28 मिमी और मावली में 34 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा झालावाड़ के पचपहाड़ में 25 मिमी, चित्तौड़गढ़ के राश्मी में 21 मिमी, कपासन में 33 मिमी तथा भीलवाड़ा के हमीरगढ़ में 8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी चलने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। रविवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फलोदी में 43.8, बीकानेर में 43.2, चूरू में 43.1 और बाड़मेर में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जयपुर, अलवर, दौसा, करौली और जोधपुर सहित कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। राज्य के कई हिस्सों में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। रविवार को हनुमानगढ़ में न्यूनतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। जोधपुर में 32.3, फलोदी, बीकानेर और श्रीगंगानगर में 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में अगले तीन से चार दिनों तक तेज मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 2 जुलाई से वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। 3 से 5 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश का दायरा बढ़ने तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आगामी तीन से चार दिनों के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तथा जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान व्यक्त किया है। नमी की मात्रा अधिक रहने के कारण इन क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी का असर भी बना रह सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

