home page

पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी, जैसलमेर सबसे गर्म; आंधी-बारिश से मिली आंशिक राहत

 | 
पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी, जैसलमेर सबसे गर्म; आंधी-बारिश से मिली आंशिक राहत


जयपुर, 23 मई (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज बना हुआ है। पश्चिमी राजस्थान के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार दोपहर बाद जयपुर सहित कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली और हल्की बारिश दर्ज की गई। राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में 45.1, फलोदी में 45.0 और बीकानेर में 44.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं पिलानी में 44.2, चित्तौड़गढ़ में 44.0 और कोटा में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा।

पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाओं का असर अधिक बना हुआ है। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे सीमावर्ती जिलों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय लू जैसे हालात बने रहे। दूसरी ओर, दक्षिणी राजस्थान के पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। जोधपुर शहर में रात का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। कोटा, डूंगरपुर और नागौर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।

शनिवार को जयपुर में 50 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। सीकर, श्रीगंगानगर, कोटपूतली-बहरोड़ और चूरू में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 24 मई से प्रदेश में गर्मी फिर तेज होने तथा तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी 4 से 5 दिनों तक राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में हीटवेव चलने की प्रबल संभावना है। विभाग ने पश्चिमी जिलों में सीवियर हीटवेव तथा पूर्वी और उत्तरी जिलों में हीटवेव और वार्म नाइट को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश