आंधी-बारिश का दौर थमेगा, 8 जून से फिर बढ़ेगी गर्मी; पश्चिम राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट
जयपुर, 07 जून (हि.स.)। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने के साथ ही 8 जून से तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 8 से 11 जून के दौरान कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
रविवार को बीकानेर सहित प्रदेश के पांच शहरों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 11 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि तीन शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा।
44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि जालौर में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। श्रीगंगानगर के अलावा फलौदी, जैसलमेर, पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू और पाली में भी दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं जालौर के अलावा फलौदी और श्रीगंगानगर में रात का तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शनिवार को पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। सर्वाधिक 93.5 मिलीमीटर वर्षा वनस्थली (टोंक) में दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 8 जून से आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने तथा तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के बीच अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तथा कुछ स्थानों पर हीटवेव चलने की संभावना है। राजधानी जयपुर में दिनभर आंशिक बादल छाए रहे और हल्की हवाएं चलती रहीं। शहर के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद बादलों और धूप के बीच बने मौसम के कारण उमस ने लोगों को परेशान किया।
जयपुर का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी रह सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

