home page

राजस्थान में टीकाकरण अभियान तेज करने के निर्देश, 30 सितंबर तक 80 प्रतिशत लक्ष्य

 | 
राजस्थान में टीकाकरण अभियान तेज करने के निर्देश, 30 सितंबर तक 80 प्रतिशत लक्ष्य


जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में बच्चों और बालिकाओं के टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने कम उपलब्धि वाले जिलों में अभियान तेज कर 30 सितंबर तक कम से कम 80 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं।

टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. जोगाराम ने कहा कि जिन जिलों में निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं होगा, वहां संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने 31 अक्टूबर तक 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने टीकाकरण से वंचित पात्र बालिकाओं की पहचान कर उनका रिकॉर्ड पीसीटीएस और यू-विन पोर्टल पर दर्ज करने को कहा। जीएवीआई द्वारा चयनित जिलों में अगले तीन दिन और अन्य जिलों में सात दिन के भीतर छूटी हुई पात्र बालिकाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मिशन निदेशक ने कहा कि केवल टीका लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक लाभार्थी की समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि भी जरूरी है। इससे टीकाकरण का सही रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और पात्र लाभार्थियों के छूटने की संभावना कम होगी। उन्होंने सभी जिलों में एचपीवी और एमआर टीकाकरण की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा एमआर-1 और एमआर-2 टीकों के बीच के अंतर को कम करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस अंतर को पांच प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य रखा गया है।

कम प्रगति वाले जिलों में राज्य स्तर से टीमें भेजकर जमीनी स्थिति की समीक्षा की जाएगी। डॉ. जोगाराम ने अधिकारियों से टीकाकरण की कम गति के कारणों की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और सभी पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित