home page

दिल्ली के बीकानेर हाउस में 15 से 25 तक होगा ‘राजस्थान उत्सव 2026’

 | 
दिल्ली के बीकानेर हाउस में 15 से 25 तक होगा ‘राजस्थान उत्सव 2026’


जयपुर, 14 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गत वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाने की परंपरा शुरू की गई है। इसी क्रम में इस वर्ष भी राज्य सरकार 19 मार्च को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ भव्य आयोजन करेगी।

इस कड़ी में नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में 15 से 25 मार्च तक ‘राजस्थान उत्सव 2026’ के रूप में फूड एवं क्राफ्ट मेले का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 15 मार्च को सायं सात बजे बीकानेर हाउस प्रांगण में करेंगे।

बीकानेर हाउस में आयोजित यह उत्सव राजस्थान की जीवंत लोक परंपराओं, कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों की अनूठी झलक प्रस्तुत करेगा। राज्य सरकार प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित यह उत्सव राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को देश-विदेश तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

नई दिल्ली का बीकानेर हाउस लंबे समय से राजधानी में राजस्थान की कला, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिल्प मेले और प्रदर्शनियां राजधानी के लोगों को राजस्थान की समृद्ध परंपराओं से जोड़ते हैं। उत्सव के दौरान “रंगीला राजस्थान”, “विरासत-ए-थार”, “गणगौर सवारी”, “लोक रंग”, “रंगत”, “रंग-ए-मारवाड़”, “मरू तरंग” और “ब्रज के रंग” जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न अंचलों की लोक संस्कृति, लोकनृत्य और लोकसंगीत की सजीव झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी।

इसके साथ ही आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए लेमन स्पून रेस, वन लेग रेस, थ्री लेग्ड रेस, रुमाल झपट्टा, रस्साकशी, मेहंदी प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, ढोला-मूमल प्रतियोगिता, लोकनृत्य एवं गायन प्रतियोगिता तथा साफा बंधन प्रतियोगिता जैसी मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। बीकानेर हाउस में आयोजित यह उत्सव राजधानी में राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त करेगा तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, कला प्रेमियों और प्रवासी राजस्थानियों को राज्य की समृद्ध संस्कृति से रूबरू कराएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित