home page

एसआई दूरसंचार भर्ती की अगली प्रक्रिया शुरू: 12-13 अक्टूबर को होगा दस्तावेज सत्यापन

 | 
एसआई दूरसंचार भर्ती की अगली प्रक्रिया शुरू: 12-13 अक्टूबर को होगा दस्तावेज सत्यापन


जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की उप निरीक्षक (दूरसंचार) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट सूची मिलने के बाद पुलिस विभाग ने भर्ती की अगली प्रक्रिया शुरू कर दी है। अस्थाई रूप से चयन के लिए प्रस्तावित अभ्यर्थियों की सूची राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन 12 और 13 अक्टूबर 2026 को पुलिस मुख्यालय में होगा।

पुलिस उप महानिरीक्षक (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) मनोज कुमार ने बताया कि सूची में शामिल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेज जमा कराने होंगे। दस्तावेज सत्यापन पुलिस मुख्यालय, नेहरू सहकार भवन के पास, जयपुर स्थित भू-तल के कमरा नंबर 820 में किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ उनकी स्व-प्रमाणित प्रतियां और अटेस्टेशन फॉर्म की तीन प्रतियां पूर्ण रूप से भरकर लानी होंगी। सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेज इस प्रकार हैं—

शैक्षणिक दस्तावेज: 10वीं, 12वीं और स्नातक आदि की मूल अंकतालिकाएं व प्रमाण-पत्र।

व्यक्तिगत एवं श्रेणी संबंधी दस्तावेज: मूल निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र और संतान संबंधी घोषणा-पत्र।

विशेष श्रेणी के दस्तावेज: भूतपूर्व सैनिकों का डिस्चार्ज प्रमाण-पत्र, विधवा/परित्यक्ता प्रमाण-पत्र।

सेवारत अभ्यर्थी: पूर्व से कार्यरत अभ्यर्थियों को विभागीय अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्रस्तुत करना होगा।

पहचान पत्र: कम से कम दो फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है।

प्रोविजनल अभ्यर्थियों को देने होंगे अतिरिक्त दस्तावेज

डीआईजी मनोज कुमार ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का परिणाम आरपीएससी की ओर से प्रोविजनल या कण्डीशनल रखा गया है, उन्हें सूची में अपने नाम के सामने अंकित अतिरिक्त वांछित दस्तावेज भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे। दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अस्थाई रूप से चयनित अभ्यर्थियों की पूरी सूची, अटेस्टेशन फॉर्म का प्रारूप और दस्तावेज सत्यापन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट police.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए अलग से कोई पत्र या व्यक्तिगत सूचना नहीं भेजी जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर जारी सूची और निर्देशों के अनुसार निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश