राजस्थान पुलिस भर्ती परीक्षा : बीकानेर रेंज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 158 अधिकारियों की ड्यूटी
बीकानेर, 02 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के मद्देनज़र बीकानेर रेंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने पत्रकाराें काे बताया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। रेंज में कुल 3497 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान 10 ड्रोन, 11 एंटी-ड्रोन गन, 100 बॉडी-वॉर्न कैमरे, 50 फेस रिकग्निशन कैमरे तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस नेटवर्क का उपयोग किया जाएगा।
पंजाब सीमा से जुड़े श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में ड्रोन के माध्यम से होने वाली किसी भी गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 158 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें 9 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 4 पुलिस उपाधीक्षक, 16 पुलिस निरीक्षक, 17 उप निरीक्षक, 7 सहायक उप निरीक्षक, 15 हेड कांस्टेबल, 41 कांस्टेबल, 37 महिला कांस्टेबल (एमएफसी) तथा 12 कैमरामैन शामिल हैं।
आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए समुचित रणनीति तैयार की है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा से संबंधित नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अवैध गतिविधि से दूर रहें। प्रेस कांफ्रेंस में एसपी मृदुल कच्छावा भी माैजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

