home page

राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस : जिला स्तरीय पुलिस क्विज प्रतियोगिता कल

 | 
राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस : जिला स्तरीय पुलिस क्विज प्रतियोगिता कल


जोधपुर, 14 अपै्रल (हि.स.)। 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 अप्रैल को शिक्षा विभाग के सहयोग से जिला स्तरीय पुलिस क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पुलिस आयुक्तालय जोधपुर के अंतर्गत पूर्व एवं पश्चिम दोनों जिलों में यह प्रतियोगिता संपन्न होगी।

पुलिस आयुक्तालय पूर्व की प्रतियोगिता राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, महामंदिर में आयोजित होगी, जबकि पश्चिम की प्रतियोगिता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अल्प भाषा राजमहल सेक्टर-16 हाउसिंग बोर्ड में आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कमल व्यास ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।

प्रतियोगिता प्रभारी हरविंदर सिंह के अनुसार प्रतियोगिता में 60 प्रश्नों की एक घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इसमें प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही जोधपुर रेंज के विभिन्न जिलों से चयनित विद्यार्थी 17 अप्रैल को पुलिस लाइन रातानाडा में आयोजित संभाग स्तरीय लिखित एवं मौखिक क्विज प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (लाइसेंसिंग) जयदेव सियाग ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस का इतिहास, कार्यप्रणाली, ट्रैफिक नियम, भारतीय न्याय संहिता, राज्य के प्रमुख कानून तथा साइबर फ्रॉड जैसे विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। कार्यक्रम सह-प्रभारी प्रिंस व्यास के अनुसार प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जबकि प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 11 बजे से किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश