home page

राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर हुए कई कार्यक्रम

 | 
राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर हुए कई कार्यक्रम


जोधपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के गौरवमयी अवसर पर गुरूवार को जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के रातानाडा स्थित पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अनुशासित परेड से हुई, जिसमें पुलिस जवानों ने कदम से कदम मिलाकर अपने बेजोड़ तालमेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली। समारोह के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त अधिकारी और पुलिसकर्मियों के परिजन भी मौजूद रहे।

पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर आज ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य लाभ के लिए एक नि:शुल्क होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

शिविर का विधिवत उद्घाटन ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल सिंह लखावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस बल को संबोधित करते हुए एसपी पीडी नित्या ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता है।

होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति न केवल प्रभावी है बल्कि इसके कोई दुष्प्रभाव भी नहीं हैं। शिविर में चिकित्सा टीम का नेतृत्व वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. राम सिंह सोलंकी ने किया। उनके साथ टीम में डॉ. मोनिका सोलंकी, डॉ. दिनेश भाटी, महेश कच्छवाहा थे। शिविर के दौरान लगभग 50 लोगोंं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी को परामर्श के साथ नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश