निकाय चुनाव से पहले राजस्थान पुलिस का बड़ा एक्शन: 929 स्थानों पर नाकाबंदी कर 50 हजार 662 वाहनों की जांच
जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। निकाय चुनाव से पहले राजस्थान पुलिस ने अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रदेशभर में 929 स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर 50 हजार 662 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट में 9,421 कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था वीके सिंह ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान वाहन चालकों के लाइसेंस, दस्तावेज और नंबर प्लेट की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और तस्दीक की गई। पुलिस ने चोरी के वाहनों, अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी नजर रखी।
इस नाकाबंदी में 27,397 दोपहिया और 23,265 चौपहिया वाहनों की जांच हुई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 2,685, बिना सीट बेल्ट 987 और शराब पीकर वाहन चलाने वाले 345 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं अस्पष्ट, निर्धारित पैटर्न से अलग या बिना नंबर प्लेट वाले 779 वाहनों, काली फिल्म लगे 741 वाहनों और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले 171 चालकों पर भी कार्रवाई हुई।
पुलिस ने आबकारी, आर्म्स, एनडीपीएस, लोकल एवं स्पेशल एक्ट के तहत 75 एफआईआर दर्ज कर 81 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं धारा 170 बीएनएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में 205 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 37 वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियार भी बरामद किए।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य निकाय चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर राजस्थान पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

