home page

जयपुर स्थापना दिवस पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल की हेरिटेज फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी शुरू

 | 
जयपुर स्थापना दिवस पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल की हेरिटेज फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी शुरू


जयपुर स्थापना दिवस पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल की हेरिटेज फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी शुरू


जयपुर स्थापना दिवस पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल की हेरिटेज फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी शुरू


जयपुर स्थापना दिवस पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल की हेरिटेज फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी शुरू


जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जयपुर स्थापना दिवस और शहर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जयपुर हेरिटेज फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी के पांचवें संस्करण का रविवार को शुभारंभ हुआ। आईटीसी राजपूताना की वेलकम आर्ट गैलरी में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस पवन अरोड़ा, राजस्थली की निदेशक माया ठाकुर, आईटीसी की रेजिडेंट मैनेजर पारुल कपूर, आईएएस गोपालराम बिरदा, आरएएस पंकज ओझा और टीटू तनवानी ने किया।

इस प्रदर्शनी में 100 से अधिक फोटोग्राफर और कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया है। यह प्रदर्शनी 19 नवंबर तक चलेगी। इसमें शहरवासी जयपुर की पुरानी और नई तस्वीरों के माध्यम से शहर के इतिहास, संस्कृति और स्थापत्य विरासत को करीब से देख सकेंगे। प्रदर्शनी में हेरिटेज स्मारकों, परकोटा क्षेत्र, मंदिरों, त्योहारों, पुरानी गलियों और जयपुर की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। पूर्व महाराजा भवानी सिंह की पुरानी तस्वीरें भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

मुख्य अतिथि पवन अरोड़ा ने प्रदर्शित तस्वीरों और पेंटिंग्स की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जयपुर स्थापना दिवस के अवसर पर शुरू हुई यह प्रदर्शनी शहर के इतिहास, संस्कृति और विरासत को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जयपुर की विरासत को संजोकर रखना और इसकी खूबसूरती बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जयपुर वासियों से अपील की कि वे प्रदर्शनी देखने आएं और शहर की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वर्ष 2026-27 में पूरे साल कला और संस्कृति से जुड़े आयोजन किए जाएंगे, ताकि शहर की सांस्कृतिक विरासत को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके। राजस्थान फोटो फेस्टिवल की ओर से भी इस दौरान कई बड़े आयोजन किए जाएंगे।

फेस्टिवल की संरक्षक रेणुका कुमावत ने बताया कि जयपुर स्थापना दिवस पर प्रदर्शनी आयोजित करने का उद्देश्य शहर की कला, संस्कृति और विरासत को आमजन तक पहुंचाना है। जयपुर की धरोहर देश-विदेश में प्रसिद्ध है। प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी और आम लोगों को शहर की खूबसूरती, ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक पहचान से रूबरू कराने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 23 से 25 नवंबर तक जयपुर स्थापना दिवस के अवसर पर आमेर फोर्ट में भी इस प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

वहीं इस कार्यक्रम में समाजसेवी पवन गोयल, जे.डी. माहेश्वरी, सुधीर माथुर, सन्नी कपूर, रामू रामदेव, दीपक गुप्ता और काशवी जैन का स्वागत राघव गोयल, क्यूरेटर अदिति अग्रवाल और संजय कुमावत ने किया। आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है और जयपुरवासी 19 नवंबर तक इसका अवलोकन कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश