राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस की बढ़त, जिला परिषदों में 24 पर आगे, भाजपा आठ पर सिमटी
जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों की मतगणना में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा पर बढ़त बनाकर ग्रामीण राजनीतिक में अपनी मजबूती दिखाई है। प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के रुझानों में कांग्रेस 263 पंचायत समितियों में आगे चल रही है, जबकि भाजपा 67 और अन्य दल एवं निर्दलीय 60 पंचायत समितियों में बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं 14 पंचायत समितियों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर नहीं आ रहा है।
जिला परिषदों के रुझानों में भी कांग्रेस भाजपा से आगे है। दोपहर बाद तक के रुझानों के अनुसार कांग्रेस 37 में से 24 जिला परिषदों में बढ़त बनाए हुए थी, जबकि भाजपा आठ जिला परिषदों में आगे चल रही थी। चार जिला परिषदों में अन्य और निर्दलीय प्रत्याशियों का पलड़ा भारी रहा, जबकि एक जिला परिषद में किसी दल को स्पष्ट बहुमत की स्थिति नहीं थी।
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार पंचायत समिति सदस्यों के 6 हजार 878 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके थे। इनमें कांग्रेस ने 3 हजार 419 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 2 हजार 40 सीटें मिलीं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 354, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को 168 और माकपा को 43 सीटें मिलीं। बहुजन समाज पार्टी ने 36 और आम आदमी पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की। निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी 380 वार्डों में जीत दर्ज की।
राजधानी जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। जिले की 22 पंचायत समितियों के 386 वार्डों में से सुबह करीब 11 बजे तक घोषित 173 परिणामों में कांग्रेस ने 99 सीटें जीत ली थीं। भाजपा को 38, आरएलपी को 27 और निर्दलीय प्रत्याशियों को नौ सीटें मिलीं। आंधी, जमवारामगढ़, माधोराजपुरा और तूंगा में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि चौमूं में भाजपा और सांगानेर में आरएलपी ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। जिला परिषद के वार्ड 18 और 40 पर भी कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
जिला परिषद चुनावों में भी कांग्रेस को कई जिलों में बड़ी सफलता मिली है। भरतपुर जिला परिषद की सभी 31 सीटों के परिणामों में कांग्रेस ने 21, भाजपा ने नौ और आरएलपी ने एक सीट जीती। बाड़मेर में कांग्रेस ने 37 में से 22 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा को 10 और आरएलपी को पांच सीटें मिलीं। फलोदी जिला परिषद में कांग्रेस ने 23 में से 20 सीटें जीतकर अपना दबदबा कायम किया। चित्तौड़गढ़ में भी कांग्रेस ने जिला परिषद की 35 सीटों में से 28 पर जीत दर्ज की।
वहीं नागौर में हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। जिला परिषद की सभी 37 सीटों के परिणामों में आरएलपी ने 19 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। कांग्रेस को 11 और भाजपा को सात सीटें मिलीं। इससे नागौर में आरएलपी की ग्रामीण राजनीतिक पकड़ एक बार फिर सामने आई है।
सीकर में भाजपा के लिए कुछ परिणाम झटके वाले रहे। नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के दोनों बेटे श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्डों से चुनाव हार गए। वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक अरशद अली की पत्नी जरीना खान भी जिला परिषद के वार्ड 47 से चुनाव हार गईं। कांग्रेस की नसीम बानो ने यहां जीत दर्ज की। दूसरी ओर बीकानेर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी ने जिला परिषद के वार्ड 13 से जीत हासिल की।
उल्लेखनीय है कि कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर जिलों की चार जिला परिषदों तथा 38 पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम 17 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। इन चार जिलों में 128 जिला परिषद और 702 पंचायत समिति वार्डों की मतगणना स्थगित रखी गई है। शेष 37 जिलों में 1 हजार 275 जिला परिषद और 7 हजार 543 पंचायत समिति वार्डों के लिए मतगणना हुई। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर तथा पंचायत समिति प्रधान का चुनाव 27 नवंबर को प्रस्तावित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

