home page

राजस्थान में मानसून की विदाई जारी, अगले एक सप्ताह बढ़ेगा तापमान

 | 
राजस्थान में मानसून की विदाई जारी, अगले एक सप्ताह बढ़ेगा तापमान


जयपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का सिलसिला जारी है। सोमवार को बारिश नहीं होने से प्रदेश के कई शहरों के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। डूंगरपुर और सलूम्बर में हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक 10 मिलीमीटर बारिश सलूम्बर में दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। सोमवार को 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ जैसलमेर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं 30 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ फलौदी सबसे गर्म रात वाला स्थान रहा। राजधानी जयपुर में भी तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भी अगले चार दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश