राजस्थान को पुलिसिंग में मॉडल स्टेट बनाना है: डीजीपी
बीकानेर, 02 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने गुरुवार काे बीकानेर में कहा कि राजस्थान को पुलिसिंग में मॉडल स्टेट बनाना है। थाना पुलिसिंग की पहली इकाई है। थाने नागरिकों के अनुकूल हो। नागरिक,गरिमा और न्याय पहले थानों का आदर्श वाक्य होगा।
बीकानेर दाैरे पर आए शर्मा ने पत्रकाराें से बातचीत में कहा कि पुलिस कार्मिकों के दफ्तर या थाने में व्यवहार को लेकर शिकायत आना बहुत गंभीर है। गलत व्यवहार जनता के साथ बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि बीट को मजबूत किया जाएगा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए बीट ऑफिसर की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर फोकस किया जाएगा। इसके लिये स्कूल स्तर पर महिला सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।आज के बदलते दौर में तकनीक पुलिस की मजबूत साथी होगी।आधुनिक निगरानी प्रणाली को और प्रभावी करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस सेवा को बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए सुलभ बनाने का प्रयास होगा। शर्मा ने कहा कि प्रदेश के कुछ जिलों में जवानों की पदोन्नति के मामले में पेंडिंग चल रहे थे। उन जिलों के अधिकारियों को जल्द पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने के आदेश दिए। साथ ही पेंडेंसी कम करने के आदेश दिए। प्रभावी गश्त के आदेश दिए। ताकि आमजन का विश्वास बढ़े। एसएचओ-सीओ गश्त और एसपी-आईजी मॉनिटरिंग करेंगे। सड़क हादसों को कम करने के लिये भी प्रभावी कदम उठाएं जा रहे है। साथ ही हेलमेट लगाने के लिये आमजन से समझाइश भी की जा रही है।
बीकानेर दाैरे पर डीजीपी ने अश्व बल शाखा का निरीक्षण, सीसीटीएनएस ट्रेनिंग सेन्टर का निरीक्षण, पुलिस लाइन का निरीक्षण, सभी कक्षों और संधारित दस्तावेजों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उनके साथ एडीजी क्राइम विपिन पांडे, आईजी ओमप्रकाश, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, एसपी मृदुल कच्छावा सहित अनेक पुलिस अधिकारी थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों, रिकॉर्ड्स और व्यवस्थाओं की गहन जांच की तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। डीजीपी ने पुलिस लाइन मेस और मोटर शाखा का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेस में जवानों को मिलने वाली डाइट के बारे में पूछा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा वाहनों की उपलब्धता और आवश्यकताओं को लेकर भी जानकारी ली। इस अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी उद्घाटन किया गया।
डीजीपी राजीव शर्मा ने बीकानेर प्रवास के दौरान संपर्क सभा में साथियों को बताया है कि आम आदमी के साथ हमारा किस तरह का व्यवहार होना चाहिए। पुलिस थाने में कोई व्यक्ति आ जाए तो उसे तत्काल मदद मिलनी चाहिए। ऐसा माहौल होना चाहिए कि पुलिस थाने में आने से पहले किसी व्यक्ति को सोचना नहीं पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

