राजस्थान के पांच शहरों में पारा 46 डिग्री पार; श्रीगंगानगर का तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंचा
जयपुर, 27 मई (हि.स.)। प्रदेश में भीषण गर्मी और नौतपा के असर से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। दिन के साथ अब रातें भी भट्टी की तरह तपने लगी हैं। बुधवार को राजस्थान के पांच शहरों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि कोटा की रात सबसे गर्म दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में अगले दो-तीन दिन तक भीषण गर्मी और उष्ण रात्रि का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में आंधी और बारिश से राहत मिलने के संकेत हैं।मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में चल रही तीव्र हीटवेव की स्थिति आगामी दो से तीन दिन तक बनी रह सकती है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 27 और 28 मई को तापमान 48 डिग्री के आसपास पहुंचने की आशंका है। उन्होंने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलना शुरू होगा। 29 से 31 मई के बीच जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज अंधड़, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण 29 मई से तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है और हीटवेव से राहत मिलने के आसार हैं।बुधवार को प्रदेश के 12 शहरों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि 13 शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। कोटा के अलावा संगरिया, अजमेर, अलवर, जयपुर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, नागौर, डूंगरपुर, दौसा और पाली में भी रातें बेहद गर्म रहीं। प्रदेश के प्रमुख शहरों में श्रीगंगानगर का तापमान 48.2 डिग्री, पिलानी 47 डिग्री, बीकानेर 46.6 डिग्री, जैसलमेर 46.4 डिग्री और फलौदी 46.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा कोटा 45.4, वनस्थली 45.2, फतेहपुर 45, अलवर 44.8, लूणकरणसर 44.7, चित्तौड़गढ़ 44.6 और झुंझुनूं 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राजधानी जयपुर में भी गर्मी का प्रकोप तेज रहा। दिनभर आसमान से बरसती आग और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। आमजन दिनभर शीतलता तलाशते नजर आए। जयपुर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीषण गर्मी और नौतपा के मद्देनजर आमजन से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। दोनों नेताओं ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने तथा प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने का आग्रह किया है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर छांव और शीतल जल की व्यवस्था करने तथा पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी उपलब्ध कराने की अपील भी की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेज गर्मी के बावजूद जनगणना कर्मी पूरी निष्ठा से अपना दायित्व निभा रहे हैं, इसलिए आमजन उनके प्रति सहयोग और सम्मान का भाव रखें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

