home page

राजस्थान में भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल कई शहरों का पारा 46 डिग्री के पार

 | 
राजस्थान में भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल कई शहरों का पारा 46 डिग्री के पार


जयपुर, 28 मई (हि.स.)। प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और आमजन गर्मी से बेहाल है। एसी और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। गुरुवार को प्रदेश के 11 शहरों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया जबकि 6 शहरों का पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सबसे गर्म रात संगरिया में रही जहां न्यूनतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 9 शहरों का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा जबकि 15 शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। संगरिया के अलावा करौली दौसा झुंझुनूं जयपुर श्रीगंगानगर चूरू बीकानेर फलौदी जोधपुर चित्तौड़गढ़ कोटा पिलानी अलवर और नागौर में भी गर्म रात का असर देखा गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। पूर्वी राजस्थान में पिलानी तथा पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर में कहीं कहीं अति उष्ण लहर दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर और पश्चिमी राजस्थान के अनेक इलाकों में हीटवेव का प्रभाव रहा। उन्होंने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। 29 मई को बीकानेर जयपुर भरतपुर अजमेर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज अंधड़ के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 मई को पश्चिमी विक्षोभ का सबसे अधिक असर रहने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर जोधपुर जयपुर भरतपुर अजमेर कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन वज्रपात तेज आंधी और मध्यम से कहीं कहीं तेज बारिश दर्ज हो सकती है। जून के पहले सप्ताह में भी प्रदेश के कुछ इलाकों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि आंधी और बारिश के असर से आगामी दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है और 30 मई से हीटवेव से राहत मिलने के आसार हैं।

जयपुर में गुरुवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सड़कें सूनी नजर आईं। जयपुर के दिन के तापमान में 1.7 डिग्री और रात के तापमान में 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शहर का न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में चूरू का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिलानी और कोटा में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। फलौदी और अलवर में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर में 45.3 डिग्री सेल्सियस दौसा में 44.8 डिग्री सेल्सियस और करौली में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश