home page

राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में, बाड़मेर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर

 | 
राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में, बाड़मेर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर


जयपुर, 13 मई (हि.स.)। राजस्थान में भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। मौसम विभाग ने बुधवार को बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर जिलों के लिए भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी करते हुए दोपहर के समय लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। आगामी तीन दिनों तक प्रदेश में हीटवेव का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी गई है।

राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम साफ रहा, हालांकि भरतपुर और अलवर में हल्की बारिश हुई, जिससे उमस बढ़ गई। प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया। फलोदी में 46.4, जैसलमेर में 45.8, चित्तौड़गढ़ में 45.6, बीकानेर में 45, कोटा में 44.7, झुंझुनूं में 44.8, चूरू और पिलानी में 44.5 डिग्री तापमान रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रेगिस्तानी इलाकों में तापमान आने वाले दिनों में 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बाड़मेर में बीते दो दिनों में लगभग दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।

राजधानी जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री मापा गया। दिनभर तेज धूप और लू के कारण सड़कें और पर्यटन स्थल सूने नजर आए। अजमेर में 42.7 डिग्री तापमान के साथ उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई, जबकि कोटा में 44.7 डिग्री तापमान रहने के साथ हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

जोधपुर में लगातार तीसरे दिन पारा 44 डिग्री के आसपास बना रहा। शहर के बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट भी गहराने लगा है। सीकर में सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ, जहां तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। तेज गर्मी और दोपहर की स्कूल क्लासेज के कारण छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उदयपुर में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है, जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री मापा गया। दूसरी ओर अलवर और भरतपुर में हल्की बारिश के बावजूद उमस ने राहत कम और परेशानी अधिक बढ़ाई है। मौसम विभाग ने लोगों को धूप से बचने, बार-बार पानी पीने, आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने तथा हीट स्ट्रोक से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित