home page

आरजीएचएस भुगतान और चिकित्सक गिरफ्तारी मुद्दे पर देवनानी ने दिया समाधान का आश्वासन

 | 
आरजीएचएस भुगतान और चिकित्सक गिरफ्तारी मुद्दे पर देवनानी ने दिया समाधान का आश्वासन


अजमेर, 16 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष एवं अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने प्राइवेट हॉस्पिटल्स एवं नर्सिंग होम्स सोसायटी, अजमेर के प्रतिनिधिमंडल को आरजीएचएस सेवाओं के लंबित भुगतान और चिकित्सक डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी के मामले में सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

गुरुवार को प्रतिनिधिमंडल ने देवनानी से उनके निवास पर मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा सेवाओं के प्रति संवेदनशील है और राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) के तहत निजी अस्पतालों के माध्यम से लाभार्थियों को सेवाएं निरंतर मिलती रहें, इसके लिए लंबित भुगतान के मुद्दे का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में सोसायटी के महासचिव एवं मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. दिलीप मित्तल, डॉ. अरुण क्षेत्रपाल, डॉ. आदित्य क्षेत्रपाल, डॉ. अशोक मित्तल, डॉ. सूर्य प्रकाश चौधरी, डॉ. राजकुमार खासगीवाला, डॉ. संजय कुमार सिन्हा, डॉ. भूपेन्द्र सिंह तथा सेंट फ्रांसिस हॉस्पिटल की सिस्टर लिजी इब्राहिम सहित कई निजी चिकित्सालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सोसायटी ने डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी पर खेद जताते हुए कहा कि प्रक्रियात्मक त्रुटियों के आधार पर की गई ऐसी कार्रवाई से चिकित्सा समुदाय में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए चिकित्सकों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की आवश्यकता जताई।

प्रतिनिधिमंडल ने आरजीएचएस के तहत लंबित भुगतानों का मुद्दा भी उठाया और बताया कि सितंबर 2025 से अस्पतालों एवं फार्मेसी के बिल लंबित हैं, जिससे संचालन प्रभावित हो रहा है। नियमानुसार 20 दिनों में भुगतान होना चाहिए, लेकिन लगातार देरी हो रही है। साथ ही बिलों में कटौती, अस्वीकृति और अपील मामलों के लंबित रहने जैसी समस्याओं से भी अवगत कराया गया। सोसायटी ने आरजीएचएस दरों को सीजीएचएस के अनुरूप लागू करने, भुगतान में पारदर्शिता लाने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग करते हुए सात बिंदुओं का ज्ञापन भी सौंपा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष