home page

साइबर अपराधों से मुकाबले के लिए राजस्थान पुलिस को मिले अत्याधुनिक तकनीकी प्रोटोटाइप

 | 
साइबर अपराधों से मुकाबले के लिए राजस्थान पुलिस को मिले अत्याधुनिक तकनीकी प्रोटोटाइप


साइबर अपराधों से मुकाबले के लिए राजस्थान पुलिस को मिले अत्याधुनिक तकनीकी प्रोटोटाइप


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। साइबर अपराधों की बदलती चुनौतियों से निपटने और पुलिस अनुसंधान को तकनीक आधारित बनाने की दिशा में आयोजित राजस्थान पुलिस साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 का रविवार को समापन हुआ। राजस्थान पुलिस अकादमी में दो दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 35 टीमों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इन टीमों ने लगातार 24 घंटे तक 5 साइबर अपराध संबंधी चुनौतियों के समाधान खोजते हुए प्रभावी पुलिसिंग के लिए उपयोगी तकनीकी प्रोटोटाइप तैयार किए।

समापन समारोह में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत करने के बाद कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। साइबर सिक्योरिटी अब प्रत्येक संस्थान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि अब पारंपरिक पुलिसिंग से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सीसीटीवी नेटवर्क और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी तकनीकों का उपयोग बढ़ाना होगा। राजस्थान पुलिस का तकनीकी आधारभूत ढांचा और कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। साइबर क्राइम से निपटने के लिए प्रत्येक साइबर थाने में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस को तकनीकी रूप से दक्ष और पेशेवर पुलिस बल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न साइबर पुलिस थानों में जीरो एफआईआर पंजीकरण और समयबद्ध अनुसंधान की सराहना की। उन्होंने कहा कि 181 राजस्थान संपर्क की तरह साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 को भी अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने साइबर सिक्योरिटी संबंधी गतिविधियों का विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुरूप आर4सी के संचालन के लिए नए भवन तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेन जी की ऊर्जा, तकनीकी दक्षता और सहयोग से राज्य साइबर अपराधों की चुनौती का बेहतर ढंग से सामना कर सकेगा।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रतिभागियों ने वास्तविक साइबर चुनौतियों के समाधान के लिए कार्यशील प्रोटोटाइप विकसित किए हैं। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन शुरू होने से समय पुलिस के सामने पांच साइबर चुनौतियां थीं, जबकि आज 24 घंटे की मेहनत के बाद संभावित तकनीकी समाधान उपलब्ध हुए हैं। यह हैकाथॉन की बडी उपलब्धि है। चयनित समाधानों का साइबर पुलिस थानों में परीक्षण किया जाएगा। सिक्योरिटी ऑडिट और विधिक परीक्षण के बाद उपयोगी टूल्स को पुलिस कार्यप्रणाली में शामिल करने का प्रयास होगा। उन्होंने युवाओं को राजस्थान सरकार की स्टार्टअप योजना से जुड़कर इन समाधानों को आगे विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि पुरस्कार सीमित हो सकते हैं, लेकिन प्रतिभागियों के प्रयास असीमित और बेहद मूल्यवान हैं। राजस्थान पुलिस युवाओं की शक्ति को पहचानती है और उनके सहयोग से साइबर अपराध, नशा मुक्ति एवं महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर जनजागरूकता अभियान भी चलाएगी। उन्होंने घोषणा की है कि अगला साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन अप्रैल—2027 में राजस्थान पुलिस दिवस पर बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, वित्तीय धोखाधड़ी की पहचान और साइबर अपराधों के अनुसंधान में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसमें सरल, उपयोगी और आसानी से संचालित होने वाले सॉफ्टवेयर विकसित करना आवश्यक है। पुलिस की व्यावहारिक समझ और युवा तकनीकी विशेषज्ञों की प्रतिभा के समन्वय से प्रभावी समाधान सामने आ सकते हैं। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री वी के सिंह ने कहा कि विकसित समाधानों में से श्रेष्ठ समाधानों को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। चयनित जिलों की साइबर सेल में पायलट परीक्षण करने तथा पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की दिशा में कार्य करेंगे।

हैकाथॉन में फिशिंग लिंक एवं फर्जी ऐप की पहचान, मनी म्यूल एवं वित्तीय अपराधों की मनी ट्रेल जांच, सीडीआर/आईपीडीआर विश्लेषण के लिए एआई आधारित इन्वेस्टिगेशन असिस्टेंट, टेलीग्राम एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा एटीएम सीसीटीवी से संदिग्धों के चेहरे की पहचान जैसे पांच विषय रखे गए थे। ओवरऑल विजेता को 1 लाख रुपए तथा पांचों प्रॉब्लम स्टेटमेंट के विजेताओं को 50—50 हजार, 35—35 हजार और 15—15 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इनमें 'ओकुलस' ने ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया है। वहीं, प्रॉब्लम स्टेटमेंट 1 श्रेणी में 'यूरेनियम' ने प्रथम, 'हैकर एक्स' ने द्वितीय और 'गुड कोडर्स' ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार प्रॉब्लम स्टेटमेंट 2 श्रेणी में 'नेक्स्टजेन' प्रथम, 'द ऑड वन्स' द्वितीय व 'बायोस' तृतीय स्थान पर रहे। प्रॉब्लम स्टेटमेंट 3 श्रेणी में 'जटायु' ने पहला, 'सिटाडेल' ने दूसरा और 'रावेन' ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, प्रॉब्लम स्टेटमेंट 4 श्रेणी में ओवरऑल चैंपियन रही टीम 'ओकुलस' प्रथम, 'रणबांका' द्वितीय तथा 'ईसप' तृतीय स्थान पर रही। प्रॉब्लम स्टेटमेंट 5 श्रेणी में 'कंट्रोल ऑल्ट एलीट' ने पहला, 'एरोइस' ने दूसरा और 'पिनाका' ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इस आयोजन में 15 स्टॉल के माध्यम से राजस्थान पुलिस, साइबर क्राइम ब्रांच, सरकारी विभागों और तकनीकी कंपनियों ने अपने नवाचारों का प्रदर्शन किया। समारोह में महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार अग्रवाल, एडीजीपी संजीब नार्जरी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के जीएम रजनीश, पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएस, प्रोबेशनर्स, साइबर थानों से पुलिसकर्मी, साइबर वॉलंटियर्स, तकनीकी विशेषज्ञ एवं युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश