home page

राजस्थान में बढ़ी सर्दी, माउंट आबू में 0.1 डिग्री पहुंचा पारा, पांच शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

 | 
राजस्थान में बढ़ी सर्दी, माउंट आबू में 0.1 डिग्री पहुंचा पारा, पांच शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे


जयपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश की ओर से आ रही सर्द हवाओं के कारण राजस्थान में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान गिरकर 0.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शेखावाटी और आसपास के इलाकों में भी सर्द हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पांच शहरों में रविवार को रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। माउंट आबू में 0.1 डिग्री, फतेहपुर में 8.1, सीकर में 8.5, नागौर में 8.9 और डबोक में 9.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन सुबह तापमान जमाव बिंदु के करीब रहा। यहां पोलो ग्राउंड में ओस जम गई। मैदानी इलाकों में खड़े वाहनों के शीशों पर भी ओस की बूंदें जम गईं।

मौसम विभाग के अनुसार, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई शहरों में हल्के बादल छाए रहे। इसके चलते कुछ स्थानों पर रात के तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहने और सर्दी का असर बने रहने का अनुमान जताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश