home page

राजस्थान बोर्ड की 10वीं-12वीं पूरक परीक्षाएं 14 मई से, 15 अप्रैल से आवेदन लिंक सक्रिय

 | 
राजस्थान बोर्ड की 10वीं-12वीं पूरक परीक्षाएं 14 मई से, 15 अप्रैल से आवेदन लिंक सक्रिय


अजमेर, 15 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं की पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। बोर्ड के अनुसार पूरक परीक्षाएं 14 मई 2026 से शुरू होंगी। इसके लिए 15 अप्रैल से आवेदन लिंक सक्रिय किया जाएगा।

बोर्ड सचिव ने बताया कि विद्यालय और परीक्षार्थी मूल अंकतालिका का इंतजार किए बिना समय पर परीक्षा शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। सामान्य परीक्षा शुल्क के तहत 15 से 22 अप्रैल तक शालाओं द्वारा चालान मुद्रित किए जा सकेंगे, जबकि शुल्क बैंक में जमा कराने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल निर्धारित की गई है।

वहीं विलंब से शुल्क जमा कराने वाले परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त शुल्क के साथ 23 से 27 अप्रैल तक चालान मुद्रण की सुविधा दी जाएगी और बैंक में शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 29 अप्रैल तय की गई है।

नियमित परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 600 रुपये तथा स्वयंपाठी (प्राइवेट) परीक्षार्थियों के लिए 650 रुपये रखा गया है। प्रायोगिक परीक्षा के लिए 100 रुपये प्रति विषय अलग से देने होंगे। योग्यजन (दिव्यांग), युद्ध में वीरगति प्राप्त या अपाहिज सैनिकों के पुत्र/पुत्रियां तथा पुलवामा हमला में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों को परीक्षा शुल्क से छूट दी गई है।

हालांकि उन्हें 50 रुपये टोकन शुल्क जमा कराना होगा।

परीक्षार्थी किसी भी जानकारी के लिए बोर्ड के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2632866, 2632867, 2632868 पर संपर्क कर सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर विजिट किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित