home page

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में राजस्थान फिर अव्वल

 | 
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में राजस्थान फिर अव्वल


जयपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जनवरी 2026 की राष्ट्रीय मासिक रैंकिंग में राजस्थान को प्रथम स्थान प्राप्त होने पर आईसीडीएस राजस्थान एवं विभागीय अधिकारियों को बधाई दी है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आईसीडीएस द्वारा सितंबर 2025 में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद पुनः जनवरी 2026 में देशभर में शीर्ष स्थान हासिल करना राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में विभाग लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। वर्ष 2025 में विभाग को पोषण माह में द्वितीय स्थान तथा पोषण पखवाड़ा में प्रथम स्थान मिलना भी उल्लेखनीय उपलब्धि रही है।

आईसीडीएस निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि मासिक रैंकिंग में राजस्थान प्रथम स्थान पर रहा, जबकि कर्नाटक दूसरे, असम तीसरे, महाराष्ट्र चौथे एवं उत्तर प्रदेश पांचवें स्थान पर रहा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना देश के सभी जिलों में एक जनवरी 2017 से लागू है। नई गाइडलाइन के अनुसार एक अप्रैल 2023 से प्रथम बच्चे के जन्म पर निर्धारित शर्तें पूरी करने पर दो किश्तों में कुल 5000 रुपये (3000 व 2000 रुपये) की सहायता दी जा रही है।

वहीं एक अप्रैल 2022 से दूसरे बच्चे के जन्म पर (केवल बालिका होने पर) निर्धारित शर्तों एवं दस्तावेजों के प्रमाणीकरण के बाद 6000 रुपये की एकमुश्त सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के लिए नवीन पोर्टल पर पंजीकरण एक अप्रैल 2023 से प्रारंभ किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित