home page

मानसून के लम्बे ब्रेक से सूखने लगी खरीफ की फसल, किसानों के माथे पर चिंता

 | 
मानसून के लम्बे ब्रेक से सूखने लगी खरीफ की फसल, किसानों के माथे पर चिंता


जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। मानसून के लम्बे ब्रेक से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें ला दी है। बारिश की कमी के चलते खरीफ फसलें सूखने लगी है। गुरुवार को 5 शहरों में हल्की बारिश दर्ज की गई, बाकी शहरों में मौसम शुष्क रहा। इससे पारे में उछाल आया है। प्रदेश के तीन शहरों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने 21 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना व्यक्त की है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बारां, डूंगरपुर, जालोर और करौली में हल्की बारिश दर्ज की गई। 40.6 डिग्री के साथ चूरू का दिन और 30.6 डिग्री के साथ बीकानेर की रात सबसे गर्म रही। चूरू के अलावा बीकानेर और पिलानी का दिन का पारा 40 डिग्री के पार रहा। बारिश की बेरुखी से जयपुर के पारे में भी उछाल आया है। गुरुवार को जयपुर में दिनभर धूप खिली। इससे जयपुर के दिन के पारे में 1.7 और रात के पारे में 1.6 डिग्री का उछाल आया है। जयपुर का अधिकतम तापमान 37.3 और 29.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य में अब तक 13 फीसदी कम बारिश हुई है।

विभाग के अनुसार 21 जुलाई से फिर मानसून एक्टिव होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग की सैटेलाइट इमेज में राजस्थान के ऊपर से बादल नहीं है। बारिश कम होने का असर खरीफ (मोटा अनाज और दालें) की फसलों पर नजर आने लगा है। कम बारिश के कारण ये सूखने लगी हैं और खराबे की आशंका बढ़ गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन सामान्य से उत्तर की ओर (हिमालय की तरफ) शिफ्ट हो गई है। गुरुवार ट्रफ लाइन जम्मू, बरेली, डाल्टेनगंज से होकर गुजर रही है। तथा पूर्वी भारत के उड़ीसा, पश्चिम बंगाल तट के ऊपर एक वेल मार्क लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। राज्य में चल रही कमजोर मानसून परिस्थितियां आगामी 3-4 दिन अधिकांश भागों में जारी रहने की संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन, बारिश की गतिविधियों में 21 जुलाई से बढ़ोतरी होने की संभावना है। 22-23 जुलाई से राज्य के पश्चिमी व मध्य भागों में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। जुलाई के आखिरी सप्ताह में पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी मानसून बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश