home page

मानसून एक्टिव, 16 शहरों में बरसे मेघ, धौलपुर के बसेडी में ढाई इंच

 | 
मानसून एक्टिव, 16 शहरों में बरसे मेघ, धौलपुर के बसेडी में ढाई इंच


जयपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। मानसून के सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को जयपुर सहित करीब 16 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश धौलपुर के बसेड़ी में 65 मिमी दर्ज की गई। हालांकि पश्चिम राजस्थान के अधिकांश हिस्से बारिश से महरुम रहे। बीकानेर और श्रीगंगानगर का दिन का पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.9 और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में बादल छाए रहे। इससे शहरों के पारे में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। आगामी समय में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अलवर, बांसवाड़ा, करौली, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, सीकर, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा और चित्तौडग़ढ़ में बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून ट्रफ लाइन अपने सामान्य स्थिति की और अवस्थित हो चुकी है। सोमवार को ट्रफ लाइन गंगानगर, दिल्ली, लखनऊ व रांची से होकर गुजर रही है। राज्य के पूर्वी व उत्तर-पूर्वी भागों में आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं सक्रिय होने की प्रबल संभावना है।

सोमवार को भरतपुर, जयपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश बारिश दर्ज की गई। 21-22 जुलाई से कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर व बीकानेर संभाग के कुछ और भागों में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान भरतपुर व जयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 23 से 27 जुलाई के दौरान कोटा , अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर, संभाग में मानसून सक्रिय रहने व बारिश की गतिविधियां जारी रहेगी। जयपुर में हल्की फुहारें, पारा गिरा जयपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की फुहारों का दौर देखने को मिला। इससे जयपुर के अधिकतम तापमान में 2.3 और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार से जयपुर में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश