home page

जयपुर सहित 20 शहरों में बारिश, ब्यावर के बदनोर में नाै इंच बरसात

 | 
जयपुर सहित 20 शहरों में बारिश, ब्यावर के बदनोर में नाै इंच बरसात


जयपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में बुधवार को जयपुर सहित करीब 20 से अधिक शहरों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के बाद कई शहरों में सड़कें दरिया बनी नजर आई तो नदियां उफान पर रही। ब्यावर के बदनोर में सबसे ज्यादा 9 इंच बारिश हुई। बारिश से शहरों के तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। बारिश का दौर आगामी चार-पांच दिन जारी रह सकता है। 40 डिग्री के साथ जैसलमेर का दिन और 29.1 डिग्री के साथ जालौर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जयपुर, अजमेर, वनस्थली, सीकर, अलवर, कोटा, चित्तौडग़ढ़, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर डूंगरपुर, फतेहपुर, करौली, दौसा और प्रतापगढ़ सहित अन्य कुछ शहरों में बारिश दर्ज की गई। भीलवाड़ा के आसींद में सुबह 7 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक 150 मिमी (5.90 इंच) बारिश हुई। आसींद क्षेत्र से गुजरने वाली नेखाड़ी नदी उफान पर आ गई। लगातार बारिश के बीच आसींद-बोजुंदा रोड पर हाथीभाटा और केसरपुर के बीच बारिश से बने गड्ढे में प्राइवेट स्कूल की बस फंस गई, जिसे ट्रैक्टर की मदद से निकाला गया। बदनोर क्षेत्र में आसपहाड़ स्थित झरना पूरे वेग से बहने लगा। ब्यावर में तेज बारिश से पुलिया टूट गई। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में भी बरसात हुई। यहां जयपुर-दिल्ली हाईवे की अलग-अलग सर्विस लेन में जलजमाव हो गया है। हिल स्टेशन माउंट आबू में रिमझिम बारिश के बीच सुबह से कोहरा छाया। टोंक के देवली में तेज बारिश के बाद सरकारी हॉस्पिटल में पानी जमा हो गया।

जैसलमेर के सरकारी अस्पताल में भी पानी भर गया। ब्यावर में 110, ब्यावर के बदनोर में 120, भीलवाड़ा के बागौर में 120 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 23 से 26 जुलाई के दौरान कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर व बीकानेर संभाग के ज्यादातर भागों में बारिश की गतिविधियां दर्ज होने व कहीं-कहीं भारी व एक दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की संभावना है।

बुधवार को जयपुर में हल्की बारिश हुई। जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप खिली। इससे जयपुर के पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के अधिकतम तापमान 2.1 और न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.7 और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के कोटखावदा में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश