home page

जयपुर सहित दस शहरों में बारिश, पारा गिरा

 | 
जयपुर सहित दस शहरों में बारिश, पारा गिरा


जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय पश्चिम के प्रभाव से लगातार विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बुधवार को जयपुर सहित करीब दस से अधिक शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश से अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 2 अप्रेल को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी व बीकानेर संभाग के जिलों व आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियों में पुन: बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अजमेर, वनस्थली, अलवर, जयपुर, पिलानी, सीकर, चूरू, फतेहपुर, दौसा और झुंझुनूं सहित कुछ अन्य शहरों में बारिश हुई। 38.6 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 24 डिग्री के साथ प्रतापगढ़ की रात सबसे गर्म रही। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को राज्य के कुछ भागों में आंधी-बारिश दर्ज की गई। पूर्वी राज में सर्वाधिक बारिश 34 मिमी सांभर, जयपुर में व पश्चिमी राज के करनपुर, श्रीगंगानगर में 4 मिलीमीटर दर्ज की गई है। बुधवार को पूर्वी व उत्तरी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने व शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। आगामी मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव 3-4 अप्रैल को दर्ज होने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में पुन: तेज मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश (40-50 किमी प्रतिघंटा) होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 7-8 अप्रैल को कुछ भागों में सक्रिय होने की संभावना है।

जयपुर में बुधवार को भी मौसम बदला रहा। जयपुर में सुबह कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बादल छाए रहने के साथ हवाएं चली। इससे जयपुर के पारे में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के दिन के पारे में 0.4 और रात के पारे मं 0.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री दर्ज किया गया।

इस बार दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण हीटवेव के दिन भी सामान्य से बहुत कम रहने का अनुमान है। जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा संभाग के एरिया में सबसे कम हीटवेव चलेगी। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर में सामान्य या उससे थोड़े ज्यादा दिन हीटवेव का असर रहेगा। यहां दिन का तापमान 47 से 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, लेकिन इस साल ये कम रहेगा।

कब चलती है हीटवेव- मौसम विज्ञान केन्द्र ने सामान्य से 5 डिग्री अधिक तापमान में चलने वाली गर्म और सूखी हवा को हीटवेव की श्रेणी में रखता है। अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पार पहुंचने पर चलने वाली गर्म हवा को गंभीर हीटवेव माना जाता है। एक्सपर्ट के अनुसार हीटवेव चलने का प्रमुख कारण है ग्लोबल वॉर्मिंग, बारिश या बादल का न होना और तेज धूप। हीटवेव का असर मैदानी इलाकों में सबसे ज्यादा होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश