home page

18 शहरों में आंधी-तूफान के साथ बारिश, 8 डिग्री तक गिरा पारा

 | 
18 शहरों में आंधी-तूफान के साथ बारिश, 8 डिग्री तक गिरा पारा


जयपुर, 05 जून (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से गुरुवार शाम को शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। जयपुर सहित प्रदेश के करीब 18 शहरों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। आंधी-बारिश से प्रदेश के शहरों के तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। 42.1 डिग्री के साथ जैसलमेर का दिन और 30.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। जैसलमेर के अलावा श्रीगंगानगर, बाड़मेर और पाली का दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां आगामी 2-3 दिन जारी रहने की संभावना है। तत्पश्चात पूर्वी राजस्थान में छुटपुट स्थानों पर मध्यम दर्जे का मेघगर्जन, हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी भाग में अनेक स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा व 1-2 स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। राज्य के पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं पर धूल भरी आंधी व मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा व 1-2 स्थानों पर भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। डूंगरगढ़ (बीकानेर) में सबसे ज्यादा 75 मिलीमीटर बारिश हुई। निम्नतम न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री अजमेर में दर्ज किया गया। उदयपुर में शुक्रवार अलसुबह बरसात हुई। जयपुर में गुरुवार को रातभर रुक-रुककर बरसात हुई। धौलपुर, भरतपुर और भीलवाड़ा में अंधड़ के कारण एक महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई। कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। श्रीगंगानगर में भी तूफानी बारिश हुई। बीकानेर में एक सरकारी स्कूल की छत गिर गई। स्कूल में छुट्टियां होने को कोई जनहानि नहीं हुई।

मौसम विज्ञान कें द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बारिश का सक्रिय पैच काफी समय से अच्छी तीव्रता के साथ बरस रहा है। यह धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम दिशा में बीकानेर की ओर बढ़ रहा। राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां आगामी 2-3 दिन जारी रहेगी। इसके पश्चात पूर्वी राजस्थान में छुटपुट स्थानों पर मध्यम दर्जे का मेघगर्जन, हल्की बारिश की संभावना है। आंधी बारिश की गतिविधियों में 8 जून से कमी होने तथा तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के दौरान कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना है।

जयपुर में गुरुवार शाम से बारिश का दौर शुरू हुआ जो कि शुक्रवार सुबह तक रुक-रुक कर चलता रहा। इस दौरान तेज हवाएं भी चली। जयपुर में करीब 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आंधी-बारिश से जयपुर के पारे में 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। तेज बारिश से जयपुर की सड़कों पर पानी भर गया, इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जयपुर के अधिकतम तापमान में 5.9 और न्यूनतम तापमान में 4.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश