home page

(अपडेट) मई के पहले पखवाड़े में नहीं सताएगी तेज गर्मी, नया सिस्टम बनने से आंधी-बारिश संभव

 | 
(अपडेट) मई के पहले पखवाड़े में नहीं सताएगी तेज गर्मी, नया सिस्टम बनने से आंधी-बारिश संभव


जयपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय पश्चिम विक्षोभ के असर से गुरुवार को भी मौसम बदला नजर आया। जयपुर सहित करीब 8 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। भरतपुर के नदबई और दौसा के बांदीकुई में ओले गिरे। प्रदेश में आगामी समय में दो सिस्टम बनने से मई माह के पहले पखवाड़े में आमजन को ज्यादा गर्मी नहीं सताएगी। नए सिस्टम से आगामी दो सप्ताह तक आंधी-बारिश का दौर देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर, दौसा, अजमेर, वनस्थली, सीकर, फलौदी, नागौर और भरतपुर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कुछ स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चली। जयपुर में खराब मौसम के चलते फ्लाइट्स का शेड्यूल गड़बड़ा गया। जयपुर-अजमेर हाईवे पर किशनगढ़ के पास पेड़ गिर गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले 2-3 दिनों में राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश के प्रभाव से तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट दर्ज हुई है। वर्तमान में अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास (40 से 42 डिग्री) दर्ज किए जा रहे हैं। राज्य में आगामी 4-5 दिन एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने तथा बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दोपहर बाद मेघगर्जन, तेज आंधी (40 50 किमी प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। आंधी बारिश के प्रभाव से आगामी 4-5 दिन अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने व हीट वेव से राहत मिलने की प्रबल संभावना है। आगामी 2-3 दिन दक्षिण-पश्चिमी भागों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री व शेष अधिकांश भागों में 40 से 43 डिग्री दर्ज होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि एक पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से दोपहर बाद आगामी सप्ताह में मेघगर्जन के साथ आंधी, कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। प्रथम व द्वितीय सप्ताह के दौरान राज्य में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज होने की संभावना है। प्रथम व द्वितीय सप्ताह के दौरान राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आस-पास रहने की संभावना है।

प्रदेश में गुरुवार को 19 शहरों का पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया तो वहीं 8 शहरों का पारा 42 डिग्री से अधिक रहा। 44.1 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 31 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। प्रदेश के 14 शहरों का रात का पारा 25 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। बाड़मेर के अलावा जैसलमेर का अधिकतम तापमान 44, फलौदी का 42.8, चूरू का 42.4, बीकानेर का 42.2 और पिलानी का 42 डिग्री दर्ज किया गया। फलौदी के अलावा पिलानी, चित्तौडग़ढ़, जयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, संगरिया, जालोर, करौली, दौसा और प्रतापगढ़ का रात का पारा 25 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

जयपुर में सुबह से हल्के से मध्यम बादल छाए रहे। दोपहर बाद आसमान में काले घने बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी हुई। बूंदाबांदी के साथ धूलभरी हवाएं भी चली। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी से निगम की सफाई व्यवस्था की भी पोल खोल कर रख दी। गलियों का कचरा उड़कर मुख्य सड़कों पर आ गया। बूंदाबांदी और हवाएं चलने से जयपुर के पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरकर 40.8 और न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री गिरकर 27.8 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश