पानी की बोतल के ज्यादा रुपये लेने पर दो-दो हजार का जुर्माना
जोधपुर, 24 अपै्रल (हि.स.)। रेलवे में यात्रियों से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली के मामलों में सख्ती बरती जा रही है। शुक्रवार को दो अलग-अलग मामलों में पानी की बोतल पर ओवरचार्जिंग और अभद्र व्यवहार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई।
जोधपुर मंडल के बाड़मेर रेलवे स्टेशन स्थित स्टॉल के खिलाफ एक यात्री ने शिकायत दर्ज कराई कि विक्रेता ने पानी की बोतल के निर्धारित 14 की बजाय 20 रुपए वसूले और दुव्र्यवहार किया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए स्टॉल को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश के साथ ही उस पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी तरह मेड़ता रोड स्टेशन पर कैटरिंग ट्रॉली विक्रेता के खिलाफ भी पानी की बोतल पर ओवरचार्जिंग की शिकायत मिलने पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार इस तरह की शिकायतों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सेशनल वाणिज्य निरीक्षकों को भी इस प्रकार की अनियमितताओं पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों से अधिक राशि वसूलने या अनुचित व्यवहार करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

